एएमयू के म्यूजियोलॉजी विभाग ने विश्व धरोहर दिवस पर राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित की

TNN समाचार : अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के म्यूजियोलॉजी विभाग द्वारा विश्व धरोहर दिवस 2026 के अवसर पर सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहर के संरक्षण के महत्व पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया।
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई), आगरा सर्किल की अधीक्षक डॉ. स्मिता एस. कुमार ने मुख्य वक्तव्य में ताजमहल के विशेष संदर्भ के साथ विश्व धरोहर स्थलों के प्रबंधन पर प्रकाश डाला और संरक्षण की प्रक्रियाओं, साइट मैनेजमेंट योजना तथा धरोहर सुरक्षा की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की।
जीव विज्ञान संकाय के डीन प्रो. नफीस अहमद खान ने मुख्य अतिथि के रूप में धरोहर जागरूकता को बढ़ावा देने में शोध एवं जनसंपर्क गतिविधियों के महत्व को रेखांकित किया।
इससे पूर्व, प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए विभागाध्यक्ष एवं आयोजन सचिव प्रो. अब्दुर्रहीम के. ने सामाजिक विकास में धरोहर की भूमिका और संरक्षण से जुड़े चल रहे शोध प्रयासों पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत म्यूजियम क्लब के सहयोग से एक आउटरीच गतिविधि भी आयोजित की गई, जिसमें स्कूली बच्चों को मूसा डाकरी संग्रहालय का मार्गदर्शित भ्रमण कराया गया, ताकि उनमें धरोहर संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित की जा सके।
कार्यक्रम का समापन संयोजक डॉ. दानिश महमूद द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जबकि इसका समन्वय डॉ. अमीजा जरीन ने किया।



