एएमयू के तिब्बिया कॉलेज ने विश्व हीमोफीलिया दिवस पर शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किया

TNN समाचार : अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के यूनानी चिकित्सा संकाय के इल्मुल अमराज विभाग ने विश्व हीमोफीलिया दिवस 2026 के अवसर पर हीमोफीलिया और संबंधित रक्तस्राव विकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए एक शैक्षणिक कार्यक्रम और मेडिकल क्विज का आयोजन किया।
इस वर्ष की थीम “डायग्नोसिसः फर्स्ट स्टेप टू केयर” पर प्रकाश डालते हुए विभागाध्यक्ष डॉ. अताउल्लाह फहद ने शीघ्र निदान और समेकित उपचार दृष्टिकोण के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि जहां आधुनिक क्लॉटिंग थेरेपी आवश्यक है, वहीं यूनानी चिकित्सा में नज्फ-उद-दम और रिक्कत-ए-दम जैसी अवधारणाओं के साथ-साथ इलाज-बित-तदबीर तथा गुलनार और समघ-ए-अरबी जैसी हीमोस्टैटिक औषधियों के माध्यम से सहायक उपचार प्रदान किया जाता है।
इस अवसर पर स्नातकोत्तर शोधार्थियों के बीच एक मेडिकल क्विज का आयोजन भी किया गया, जिसमें 43 छात्रों ने भागलिया। चिकित्सा संकाय के पैथोलॉजी विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. बुशरा सिद्दीकी ने निर्णायक की भूमिका निभाई और हीमोफीलिया पर अपने क्लिनिकल अनुभवों से सत्र को समृद्ध किया।
विजेता टीम को पुरस्कार डॉ. अताउल्लाह फहद द्वारा वितरित किए गए। कार्यक्रम का आयोजन शिक्षकों और कर्मचारियों के सहयोग से किया गया।



