शाह जमाल, चर्खवालान और जंगल गढ़ी में जलभराव से मिलेगी राहत, 2 पंपिंग स्टेशन और RCC नाले को मंजूरी

अलीगढ़, 29 जुलाई मोहम्मद कामरान

अलीगढ़ शहर के निचले इलाकों शाह जमाल, चर्खवालान, जंगल गढ़ी और सराय रहमान में वर्षों से चली आ रही जलभराव की समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है। प्रदेश सरकार ने जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 2 नए पंपिंग स्टेशन और एक बड़े RCC नाले के निर्माण को मंजूरी दे दी है।

नगर निगम की ओर से पिछले महीने शासन को इस संबंध में प्रस्ताव भेजा गया था, जिस पर सरकार ने स्वीकृति प्रदान करते हुए इन योजनाओं के लिए कुल 131.60 करोड़ रुपये की धनराशि मंजूर की है। नगर निगम जल्द ही इन परियोजनाओं पर निर्माण कार्य शुरू करेगा। कोशिश की जा रही है कि अगले मानसून से पहले दोनों योजनाएं पूरी कर लोगों को राहत पहुंचाई जा सके।

शहर के शाह जमाल, जंगल गढ़ी, चर्खवालान सहित कई इलाके निचले क्षेत्र में आते हैं। बारिश के दौरान यहां पानी भरने की समस्या गंभीर हो जाती है। आसपास के क्षेत्रों का पानी भी इन इलाकों में जमा होने के कारण कई बार एक सप्ताह से अधिक समय तक जलभराव बना रहता है।

चर्खवालान में नए पंपिंग स्टेशन के निर्माण के साथ ही सराय रहमान में भी पानी की तेज निकासी के लिए एक अन्य पंपिंग स्टेशन बनाया जाएगा। दोनों पंपिंग स्टेशनों के लिए शासन ने 26.32 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।

इन पंपिंग स्टेशनों के बनने से करीब 25 वार्डों की 3 लाख आबादी को जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। जल निकासी की गति तेज होने से लंबे समय तक जमा रहने वाला पानी कुछ ही घंटों में निकल सकेगा।

शाह जमाल क्षेत्र में जलभराव के कारण झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार लोगों को अस्थायी रूप से ऊंचे स्थानों पर जाकर रहना पड़ता है।

रामघाट रोड, जनकपुरी, रामबाग कॉलोनी, स्वर्ण जयंती नगर, विद्या नगर कॉलोनी, किशनपुर, विष्णुपुरी सहित अन्य क्षेत्रों को जलभराव से निजात दिलाने के लिए एक नए RCC नाले का निर्माण किया जाएगा।

यह नाला क्वार्सी चौराहे से एटा चुंगी, छर्रा न्यू बस स्टैंड होते हुए जाफरी ड्रेन तक बनाया जाएगा। नगर निगम के मुख्य अभियंता बीके सिंह ने बताया कि इस नाले की लंबाई 4283 मीटर होगी। इस परियोजना के लिए शासन ने 105.28 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं।

इस पक्के नाले के निर्माण से करीब 8 वार्डों की 1.49 लाख आबादी को जलभराव की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।

नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि नगर निगम की ओर से 2 पंपिंग स्टेशन और RCC नाले के निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे जनहित को देखते हुए मंजूरी मिल गई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही दोनों योजनाओं पर काम शुरू कराया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button