रंगों के जरिए बच्चों ने दिखाया देशप्रेम, एएमयू की एनएसएस में ड्राइंग प्रतियोगिता
अलीगढ़, 13 अगस्त (मोहम्मद कामरान)
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) की नेशनल सर्विस स्कीम (एनएसएस) के तहत एएमयू छात्रों द्वारा देशभक्ति पर आधारित ड्राइंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए तिरंगा, स्वतंत्रता संग्राम, देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अखंडता जैसे विषयों पर आकर्षक चित्र बनाए।
कार्यक्रम में एएमयू की प्रोफेसर विभा शर्मा, उमर सलीम पीरजादा, एनएसएस निदेशक डॉ. मोहम्मद मोहसिन खान और डॉ. अब्दुल जब्बार सहित विश्वविद्यालय से जुड़े कई लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने बच्चों की पेंटिंग्स का अवलोकन कर उनकी रचनात्मक प्रतिभा और देशभक्ति की भावना की सराहना की।
वक्ताओं ने कहा कि बच्चों में देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और भाईचारे की भावना विकसित करने में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। चित्रकला के माध्यम से बच्चे अपने मन में मौजूद देशप्रेम और राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना को रचनात्मक तरीके से व्यक्त करते हैं। स्वतंत्रता दिवस देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने और नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से जोड़ने का अवसर भी है।
कार्यक्रम के आयोजक एवं एएमयू छात्र यूसुफ मिंटू ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और भाईचारे की भावना को बढ़ावा देना है। बच्चों ने अपनी पेंटिंग्स के माध्यम से देश के प्रति अपने प्रेम को खूबसूरती से अभिव्यक्त किया।
प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में बच्चों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।




