अलीगढ़ दौरे पर सीएम योगी, एएमयू में बना हेलीपैड, तैयारियां पूरी

अलीगढ़ 21 जून : मोहम्मद कामरान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 जून से दो दिवसीय दौरे पर अलीगढ़ आ रहे हैं। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के क्रिकेट पवेलियन मैदान पर हेलीपैड तैयार किया गया है, जबकि हेलीपैड से सटी एएमयू ओल्ड बॉयज एसोसिएशन की बिल्डिंग को अस्थायी गेस्ट हाउस के रूप में तैयार किया गया है। ओल्ड बॉयज एसोसिएशन के अध्यक्ष सैयद मुख्तार जैदी ने मुख्यमंत्री का स्वागत करने की इच्छा जताते हुए उन्हें संस्था का दौरा करने का निमंत्रण देने की बात कही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 जून को दोपहर एक बजे हेलीकॉप्टर से आईटीएम कॉलेज, करसुआ पहुंचेंगे। इसके बाद वह राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय परिसर का निरीक्षण करेंगे। विश्वविद्यालय के निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री एएमयू हेलीपैड पहुंचेंगे और कलेक्ट्रेट सभागार में अलीगढ़ मंडल के लोक निर्माण विभाग के पुराने और नए कार्यों की समीक्षा बैठक करेंगे।
मुख्यमंत्री इसके बाद जनपद में चल रहे विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। शाम साढ़े चार बजे से नुमाइश मैदान स्थित राजकीय औद्योगिक एवं कृषि प्रदर्शनी स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में अलीगढ़ सदर, कोल विधानसभा और नगर निगम क्षेत्र की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। साथ ही जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। 23 जून की सुबह वह एएमयू हेलीपैड से वायु मार्ग के जरिए हाथरस के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है।
ग़ौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दो दिवसीय अलीगढ़ दौरे को लेकर जहां प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है, वहीं एएमयू ओल्ड बॉयज और शहर के विभिन्न संगठनों में भी उनके आगमन को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।



