भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की तीन दिवसीय ‘पार्टी क्लास’ 22 मई से,अरविंद राज स्वरूप करेंगे उद्घाटन

अलीगढ़, 21 मई (मोहम्मद कामरान)
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) की ओर से 22, 23 और 24 मई 2026 को तीन दिवसीय “पार्टी क्लास” का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को वर्तमान राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियों के साथ-साथ संगठनात्मक विषयों पर मार्गदर्शन दिया जाएगा।
इस प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव अरविंद राज स्वरूप करेंगे। वे अपने उद्घाटन संबोधन में देश की वर्तमान परिस्थितियों, जनसरोकारों और उनमें पार्टी की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डालेंगे।
पार्टी क्लास के दौरान विभिन्न विषयों पर वरिष्ठ नेताओं और वक्ताओं द्वारा व्याख्यान दिए जाएंगे। साथ ही कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों, सिद्धांतों और संगठनात्मक कार्यप्रणाली से अवगत कराया जाएगा।
पार्टी के अनुसार इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यकर्ताओं की वैचारिक और संगठनात्मक क्षमता को मजबूत करना तथा बदलते राजनीतिक और सामाजिक परिदृश्य के अनुरूप उन्हें तैयार करना है।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, अलीगढ़ के जिला सचिव ने सभी कार्यकर्ताओं और संबंधित साथियों से समय पर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।



