प्रेस क्लब अलीगढ़ में देशभक्ति के रंग में रंगा स्वतंत्रता दिवस समारोह
अलीगढ़, 15 अगस्त। तस्वीर महल स्थित प्रेस क्लब कार्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह, देशभक्ति और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े पत्रकारों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर राष्ट्रीय पर्व की गरिमा को बढ़ाया।
समारोह की शुरुआत स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं महान पत्रकार गणेश शंकर विद्यार्थी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। उपस्थित पत्रकारों ने उनके संघर्ष, देशभक्ति और पत्रकारिता के क्षेत्र में दिए गए योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रेस क्लब के अध्यक्ष प्रदीप सारस्वत और महासचिव देवेंद्र वार्ष्णेय ने सभी पत्रकारों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए एकजुटता के साथ पत्रकारिता की जिम्मेदारियां निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता समाज को दिशा देने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। पत्रकारों को निष्पक्षता, सत्य और जनहित को प्राथमिकता देते हुए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करना चाहिए।

वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करने का दिन है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। पत्रकारिता जगत का भी स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। ऐसे महान व्यक्तित्वों के विचार आज भी पत्रकारों और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
समारोह में वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र शर्मा, जामिया उर्दू के ओएसडी फरहत अली खान, स्वतंत्रता सेनानी परिवार से रजनी तौमर, बसंत बंसल, अर्जुन देव वार्ष्णेय, पंकज धीरज, जितेंद्र भारद्वाज, अनिल चौधरी, रंजीत सिंह, मोहम्मद कामरान, श्रवण काके, मोहम्मद वसीम सलमानी, योगेंद्र गौड़, मोहम्मद नदीम, नरेश प्रताप सिंह, चाहत खान सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।
समारोह के अंत में सभी ने देश की एकता, अखंडता, शांति और समृद्धि के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं। कार्यक्रम ने पत्रकारों में आपसी एकजुटता के साथ-साथ राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया।




