साइना फाइनेंशियल एडवाइजर पर 400 करोड़ की ठगी का आरोप, कई एफआईआर दर्ज

अलीगढ़, 6 मई। मोहम्मद कामरान

शहर के लेडमार्क मॉल, मैरिस रोड स्थित साइना फाइनेंशियल एडवाइजर कंपनी पर करीब 400 करोड़ रुपये की ठगी का मामला लगातार गहराता जा रहा है। इस प्रकरण में समाजसेवी एवं अधिवक्ता शाहिद अली खान ने हबीटेट सेंटर, लाल डिग्गी स्थित सेफायर डायनिंग रेस्टोरेंट में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कई अहम खुलासे किए।

उन्होंने बताया कि कंपनी द्वारा अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के लगभग 300 से 400 कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में लोगों से निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी की गई है। इस संबंध में सिविल लाइन थाने में तीन एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं, जिनमें धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश की धाराएं शामिल हैं।

प्रेस वार्ता में यह भी आरोप लगाया गया कि मुख्य आरोपी जुनैद अहमद के भाई डॉ. सुहैल (जेएनएमसी) और मोहम्मद ओक़ैस (जेएनएमसी लैब अटेंडेंट) ने भी लोगों को साइना फाइनेंशियल एडवाइजर में निवेश करने के लिए प्रेरित किया। कई पीड़ितों का आरोप है कि इन दोनों के माध्यम से ही उन्हें कंपनी के बारे में जानकारी मिली और उन्होंने निवेश किया।

अधिवक्ता शाहिद अली खान ने बताया कि जुनैद अहमद और दीपक कुमार द्वारा साइना फाइनेंशियल एडवाइजर, साइना होलिडेज और साइना इन्वेस्टमेंट नाम से कंपनियां संचालित की जा रही थीं। इन कंपनियों के जरिए लोगों को हर महीने बेहतर मुनाफे का लालच देकर निवेश कराया गया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में ठगी के शिकार कई लोग भी मौजूद रहे, जिनमें मीना फुरकान पत्नी फुरकान (जंगलगढ़ी), शबाना पत्नी राशिद (खैर रोड), नजीर उल हसन पुत्र शम्सुल हसन, अशर खान पुत्र आसिफ अली खान, तारिक हुसैन पुत्र ताहिर हुसैन (अलहमद अपार्टमेंट), रिजवान उल्लाह पुत्र सना उल्लाह और मोहम्मद इमरान शामिल हैं। इन सभी ने अपने साथ हुई ठगी की जानकारी साझा की और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

शाहिद अली खान ने आम जनता से अपील की कि किसी भी लालच में आकर अपनी मेहनत की कमाई संदिग्ध कंपनियों में निवेश न करें। साथ ही जिन लोगों के साथ ठगी हुई है, वे बिना डरे पुलिस प्रशासन से शिकायत करें, ताकि दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने यह भी बताया कि कंपनी का कार्यालय बंद हो चुका है और मुख्य आरोपी जुनैद अहमद, दीपक कुमार समेत अन्य लोग फरार हैं। उनके विदेश भागने की भी आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button