नवागत जिलाधिकारी मीडिया प्रतिनिधियों से हुए रूबरू, बताईं अपनी प्राथमिकताएं

अलीगढ़, 23 अप्रैल (मोहम्मद कामरान)
अलीगढ़। उत्तर प्रदेश प्रशासनिक सेवा के कर्मठ आईएएस अधिकारी अविनाश कुमार ने बुधवार को अलीगढ़ जिले के जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उनके आगमन से जिले में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को नई ऊर्जा और दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। नवागत जिलाधिकारी ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मीडिया प्रतिनिधियों के साथ परिचयात्मक बैठक कर अपनी प्राथमिकताओं को साझा किया।
वर्ष 2013 बैच के आईएएस अधिकारी अविनाश कुमार भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, बॉम्बे से केमिकल इंजीनियरिंग में बी.टेक स्नातक हैं और अपनी जमीनी कार्यशैली, तेज निर्णय क्षमता तथा परिणामोन्मुखी प्रशासन के लिए प्रदेशभर में पहचान रखते हैं। अपने प्रशासनिक कार्यकाल में उन्होंने झांसी, बाराबंकी, हरदोई और गाजीपुर जैसे महत्वपूर्ण जिलों में जिलाधिकारी के रूप में सेवाएं दी हैं। इसके अतिरिक्त, उन्होंने मुख्यमंत्री के विशेष सचिव के रूप में भी महत्वपूर्ण दायित्व निभाया है, जहां नीतिगत निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन में उनकी अहम भूमिका रही।
अलीगढ़ आगमन से पूर्व गाजीपुर के जिलाधिकारी के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और प्रशासनिक पारदर्शिता को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया।
मीडिया से बातचीत के दौरान जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसुनवाई को प्रभावी बनाना, राजस्व वादों का समयबद्ध निस्तारण, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ रखना और जिले में चल रहे विकास कार्यों को गति देना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि नगर निगम और विकास प्राधिकरण के समन्वय से विकास कार्यों को तेज किया जाएगा, साथ ही जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।



