राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की तर्ज पर ‘अलीगढ़ जोड़ो यात्रा’, 19 जुलाई से होगी शुरुआत

अलीगढ़, 15 जुलाई। मोहम्मद कामरान

राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की तर्ज पर अलीगढ़ में ‘अलीगढ़ जोड़ो यात्रा’ शुरू करने की घोषणा की है। इस संबंध में आयोजित एक प्रेस वार्ता में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष एवं यात्रा के संयोजक डॉ. एम. सलमान इम्तियाज ने यात्रा की रूपरेखा और उद्देश्य की जानकारी दी।

प्रेस वार्ता में अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय महासचिव प्रतिमा सिंह, जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष गिरवर शर्मा, संतोष शर्मा, पूर्व महानगर अध्यक्ष अनवर अकील तथा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सैयद माजिन हुसैन जैदी सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

डॉ. सलमान इम्तियाज ने कहा कि अलीगढ़ की पहचान हमेशा से उसकी गंगा-जमुनी तहजीब, आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के लिए रही है, लेकिन कुछ लोग इस माहौल को खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘अलीगढ़ जोड़ो यात्रा’ का उद्देश्य नफरत के माहौल को समाप्त कर प्रेम, एकता और सामाजिक सद्भाव का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि आज की राजनीति जाति और धर्म के इर्द-गिर्द सिमटती जा रही है, जबकि कांग्रेस जनता के वास्तविक मुद्दों—शिक्षा, रोजगार, महंगाई और बुनियादी सुविधाओं—पर आधारित राजनीति को मजबूत करना चाहती है। यही इस यात्रा का मूल उद्देश्य है।

डॉ. सलमान इम्तियाज के अनुसार यह 100 दिवसीय जनसंपर्क अभियान होगा, जिसके तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों, गली-मोहल्लों और पूरे महानगर में जाकर लोगों से सीधा संवाद किया जाएगा। यात्रा का शुभारंभ 19 जुलाई को सुबह 9 बजे भुजपुरा वाल्मीकि बस्ती से होगा। यात्रा का विस्तृत रूट मैप भी जारी कर दिया गया है।

प्रशासनिक अनुमति के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर उन्होंने कहा कि यह कोई चुनावी अभियान नहीं, बल्कि एक सत्याग्रह है। इसलिए इसके लिए किसी विशेष प्रशासनिक अनुमति की आवश्यकता नहीं है।

कांग्रेस नेताओं ने विश्वास जताया कि यह 100 दिवसीय यात्रा जनता के बीच पार्टी के प्रति विश्वास को और मजबूत करेगी तथा अलीगढ़ में भाईचारे, एकता और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button