राष्ट्रवादी व संस्कारी मुस्लिम युवा जसीम मोहम्मद, शिक्षा और विकसित भारत के संकल्प को समर्पित लेखक
- लेखक फिरोज़ बख़्त अहमद

भारत की बौद्धिक, शैक्षिक और सामाजिक यात्रा में कुछ व्यक्तित्व ऐसे होते हैं, जिनकी पहचान केवल उनके पदों या उपलब्धियों से नहीं, बल्कि उनके विचारों, कार्यों और राष्ट्र के प्रति उनकी प्रतिबद्धता से बनती है। प्रोफेसर जसीम मोहम्मद ऐसी ही एक बहुआयामी शख्सियत हैं, जिन्होंने शिक्षा, पत्रकारिता, साहित्य, सामाजिक संवाद और राष्ट्र निर्माण के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है।
प्रो. जसीम मोहम्मद का व्यक्तित्व भारतीयता, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और सकारात्मक चिंतन के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता का परिचायक है। उनका मानना है कि भारत की वास्तविक शक्ति उसकी विविधता, सांस्कृतिक विरासत और सभी समुदायों की साझा भागीदारी में निहित है। विकसित भारत का सपना तभी साकार हो सकता है, जब देश का प्रत्येक नागरिक स्वयं को राष्ट्र की प्रगति का सहभागी और उत्तरदायी अंग समझे।
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा और शोध की अकादमिक यात्रा पूरी करने वाले प्रो. जसीम मोहम्मद ने तुलनात्मक साहित्य के क्षेत्र में आचार्य के रूप में अपनी विद्वत्ता का परिचय दिया है। उनका शैक्षिक दृष्टिकोण केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि वह शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन, राष्ट्रीय चेतना और मानवीय मूल्यों के विकास का सशक्त माध्यम मानते हैं।
पत्रकारिता के क्षेत्र में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के मीडिया सलाहकार के रूप में उन्होंने संस्थागत संवाद और जनसंपर्क के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दैनिक राष्ट्रीय सहारा के ग्रुप एडिटर सहित विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े रहते हुए उन्होंने पत्रकारिता को सामाजिक जागरूकता और सकारात्मक विमर्श का माध्यम बनाया। उनकी लेखनी में समसामयिक विषयों की समझ, राष्ट्रीय सरोकारों की गंभीरता और समाज को जोड़ने की दृष्टि दिखाई देती है।
सेंटर फॉर नमो स्टडीज़ के माध्यम से प्रो. जसीम मोहम्मद ने शोध, संवाद और बौद्धिक विमर्श को एक व्यापक राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य प्रदान करने का प्रयास किया है। उनका विशेष जोर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प, आत्मनिर्भर भारत, सुशासन, शिक्षा, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर अकादमिक चर्चा को प्रोत्साहित करने पर रहा है। उनकी दृष्टि में राष्ट्र निर्माण किसी एक व्यक्ति, संस्था या विचारधारा का कार्य नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उनकी एक महत्वपूर्ण विशेषता विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और वैचारिक पृष्ठभूमियों के लोगों के बीच संवाद स्थापित करने की क्षमता है। विशेषकर हिंदू-मुस्लिम संवाद, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव के विषयों पर उनकी सक्रियता इस बात का संकेत है कि वह मतभेदों के स्थान पर संवाद और दूरियों के स्थान पर विश्वास को प्राथमिकता देते हैं।

(पूर्व कुलाधिपति, मौलाना आज़ाद राष्ट्रीय उर्दू विश्वविद्यालय, हैदराबाद)



