अलीगढ़ में रेड रन मैराथन का आयोजन, युवाओं को एचआईवी/एड्स के प्रति किया गया जागरूक

अलीगढ़, 29 जुलाई 2026 (ह स): राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम (एनएसीपी) के तहत अलीगढ़ में “रेड रन मैराथन” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

मूल रूप से मैराथन का आयोजन महारानी अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम में प्रस्तावित था, लेकिन लगातार बारिश के कारण स्टेडियम में जलभराव हो जाने से कार्यक्रम को सरस्वत फिजिकल अकादमी, नगला मुरारी, केनरा बैंक के पीछे, सरसौल में आयोजित किया गया। मैराथन में करीब 100 युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान दिशा क्लस्टर की सीपीएम सुश्री शाइस्ता बदर ने प्रतिभागियों को एचआईवी/एड्स से बचाव, समय पर एचआईवी जांच, सेल्फ असेसमेंट क्यूआर कोड तथा 1097 टोल-फ्री हेल्पलाइन के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे एचआईवी/एड्स से जुड़े भ्रम और भेदभाव को दूर करने में अपनी भूमिका निभाएं तथा सही जानकारी समाज के हर व्यक्ति तक पहुंचाएं।

इस अवसर पर जिला क्षय रोग अधिकारी (डीटीओ) डॉ. दिनेश खत्री, क्रीड़ा अधिकारी श्रीमती पूनम लता राज, कोच शौकत अली, एथलेटिक सचिव विवेक कुमार, दिशा टीम की सीपीएम शाइस्ता बदर, सीएसओ ललित त्यागी तथा डीएमडीओ रिजवाना हनीफ सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता के बालक वर्ग में राज यादव ने प्रथम, विवेक ने द्वितीय तथा मनोज कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में पायल शर्मा प्रथम, दीपिका द्वितीय और डिम्पल तृतीय स्थान पर रहीं। विजेताओं को सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और एचआईवी/एड्स जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दिलाया गया।

जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. दिनेश खत्री ने कहा कि एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता ही इस बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। युवाओं की भागीदारी से ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं। उन्होंने लोगों से समय-समय पर एचआईवी जांच कराने, सुरक्षित व्यवहार अपनाने तथा 1097 टोल-फ्री हेल्पलाइन का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम की जानकारी दिशा क्लस्टर की सीपीएम सुश्री शाइस्ता बदर ने उपलब्ध कराई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button