हाई मास्क लाइटें लगने पर शाहजमाल की समितियों ने प्रो. तारिक मंसूर का जताया आभार

अलीगढ़, 27 जुलाई (मोहम्मद अहमद शेवन)। शाहजमाल क्षेत्र की विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य एवं अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. तारिक मंसूर से उनके आवास पर मुलाकात कर क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।

ईदगाह कमेटी, दरगाह शाहजमाल कमेटी और वक्फ नंबर-63 कब्रिस्तान कमेटी के पदाधिकारियों ने नई ईदगाह, पुरानी ईदगाह और दरगाह परिसर में हाई मास्क लाइटें लगाए जाने पर प्रो. मंसूर को शॉल, पुष्पगुच्छ और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने शाहजमाल एडीए कॉलोनी में जलभराव की पुरानी समस्या को प्रमुखता से उठाया। इस पर प्रो. तारिक मंसूर ने बताया कि नगर आयुक्त से इस संबंध में विस्तृत चर्चा की जा चुकी है और समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए उच्च क्षमता वाले नए पंपिंग स्टेशन की स्थापना का प्रस्ताव भी आगे बढ़ाया जा रहा है।

प्रो. तारिक मंसूर ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि हाल ही में शाहजमाल के दौरे के दौरान स्थानीय लोगों से जो वादे किए गए थे, उन पर चरणबद्ध तरीके से अमल शुरू कर दिया गया है। सबसे पहले क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराई गई है और अब अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर तेजी से कार्य किया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि क्षेत्र में हाई मास्क लाइटें लगने से लोगों को काफी राहत मिली है और अब उन्हें उम्मीद है कि जलभराव सहित अन्य समस्याओं का समाधान भी शीघ्र होगा।

मुलाकात में मसूद ख़ाँ, मास्टर अब्दुल हफीज अंसारी, एडवोकेट ज़िया उर रब, मोइनुद्दीन, नवेद इक़बाल, हाजी सोहैल, हाजी शकील, कामरान गुड्डू सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button