श्रावण मास में ‘नो इंसिडेंट-नो एक्सीडेंट’ सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश

कांवड़ मार्गों पर मीट की दुकानें रहेंगी बंद, आबकारी की दुकानें ढकी जाएंगी

अलीगढ़, 30 जुलाई (मोहम्मद कामरान)। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने श्रावण मास में कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विभागों के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जनपद में “नो इंसिडेंट-नो एक्सीडेंट” की नीति को हर हाल में लागू कर मिसाल पेश की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन करें।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश संबंधित लोगों तक पहुंचाए जाएं। उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्गों पर आबकारी की सभी दुकानें पूरी तरह ढकी रहेंगी, जबकि मीट की दुकानें बंद रहेंगी। साथ ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और दुकानों पर मूल्य सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में कांवड़ मार्गों की मरम्मत की समीक्षा के दौरान रामघाट-कल्याण मार्ग की खराब स्थिति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने अधूरे मरम्मत कार्यों को युद्धस्तर पर शीघ्र पूरा कराने के निर्देश भी दिए। वहीं अधिशासी अभियंता संजीव पुष्कर ने अपने क्षेत्र में मरम्मत कार्य पूर्ण होने की जानकारी दी।

नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि नगर क्षेत्र में सात पानी के टैंकर, स्थायी प्रकाश व्यवस्था, जलभराव वाले क्षेत्रों में सक्शन मशीनें तथा अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था कर दी गई है। जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि नगर निगम सीमा से पहले आने वाली 12 ग्राम पंचायतों में प्रत्येक 50 मीटर पर प्रकाश व्यवस्था, व्यापक सफाई, बिजली के खंभों की सुरक्षा तथा झूलते तारों को ठीक कराने का कार्य कराया गया है।

जिलाधिकारी ने सभी बीडीओ एवं अधिशासी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में रात्रि प्रवास करने के निर्देश देते हुए कहा कि सड़कों पर निर्माण सामग्री नहीं पड़ी रहनी चाहिए। विद्युत विभाग को खुले ट्रांसफार्मरों और बिजली के खंभों को सुरक्षित करने, कांवड़ मार्गों पर क्रॉस कर रही विद्युत लाइनों के नीचे सुरक्षा जाल लगाने तथा झूलते तारों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए गए। प्रमुख चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे और बड़े पेड़ों पर रिफ्लेक्टर लगाने के भी निर्देश दिए गए।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. दिवाकर त्रिपाठी को सड़कों पर छुट्टा पशु नहीं दिखाई देने तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.एन. सिंह को स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों की उपलब्धता, एंटीवेनम एवं एंटी रैबीज इंजेक्शन का पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम एवं पुलिस क्षेत्राधिकारियों को संयुक्त रूप से क्षेत्र भ्रमण कर व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए, ताकि श्रावण मास में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

बैठक में नगर आयुक्त, एसपी सिटी, एडीएम सिटी, एसपी ट्रैफिक, एसपी ग्रामीण, एडीएम प्रशासन, सभी एसडीएम, पुलिस क्षेत्राधिकारी, अग्निशमन अधिकारी, अधिशासी अधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button