AMU मेडिकल कॉलेज में रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल जारी, आपातकालीन सेवाएं 3 बजे से शुरू हुई

अलीगढ़ | 24 अप्रैल, (मोहम्मद कामरान)

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज (JNMC) में महिला रेजिडेंट डॉक्टर के साथ हुई मारपीट और अभद्रता के बाद शुरू हुई हड़ताल आज भी जारी रही हालांकि डॉक्टरों ने मानवीय दृष्टिकोण से आपातकालीन सेवाएं दोपहर 3 बजे से शुरू करने का निर्णय लिया है।आज शनिवार को आयोजित जनरल बॉडी मीटिंग (GBM) में डॉक्टरों ने सर्वसम्मति से अपनी मांगों को लेकर सख्त रुख अपनाया।

RDA के उपाध्यक्ष डॉ. अख्तर अली ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि ड्यूटी के दौरान एक महिला डॉक्टर के साथ हुई बदसलूकी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जा सकती। उन्होंने प्रशासन और पुलिस पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि डॉक्टर सेवा देने के लिए हैं, न कि अपमान सहने के लिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक दोषियों पर कार्रवाई और सुरक्षा के ठोस इंतजाम नहीं किए जाते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन ने अपनी तीन प्रमुख मांगों को “नॉन-नेगोशिएबल” बताते हुए कहा है कि अभद्रता करने वाले पुलिसकर्मियों द्वारा पीड़ित डॉक्टर से औपचारिक माफी मांगी जाए, अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए और गेट पास सिस्टम लागू किया जाए, साथ ही नॉन-एकेडमिक रेजिडेंट्स की भर्ती के लिए रिवॉल्विंग फंड तुरंत जारी किया जाए।

हड़ताल के कारण अस्पताल की सामान्य स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो गई हैं। हालांकि, मरीजों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने मानवीय आधार पर दोपहर 3 बजे से केवल इमरजेंसी सेवाएं जारी रखने का निर्णय लिया है। इसके अलावा ओपीडी सेवाएं, वार्ड ड्यूटी, इलेक्टिव ऑपरेशन थिएटर, शैक्षणिक गतिविधियां, लैब सेवाएं और रूटीन राउंड्स पूरी तरह बंद कर दिए गए हैं।

RDA अध्यक्ष डॉ. सामी अहमद खान और महासचिव डॉ. उत्कर्ष पांडे ने प्रशासन को 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि तय समय सीमा के भीतर उनकी मांगें लिखित रूप में पूरी नहीं की गईं, तो डॉक्टर इमरजेंसी सेवाओं का भी पूर्ण बहिष्कार करेंगे। इस बीच, रात 9 बजे एक और बैठक बुलाई गई है, जिसमें आंदोलन की अगली रणनीति पर फैसला लिया जाएगा।

डॉक्टरों के इस कदम से अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो गई हैं और मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button