ऊपरकोट में अलीगढ़ का सबसे ऊंचा तिरंगा लहराया गया
अलीगढ़, 15 अगस्त। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अलीगढ़ नगर निगम की ओर से ऐतिहासिक ऊपरकोट जामा मस्जिद के सामने शहर का सबसे ऊंचा, करीब 100 फुट ऊंचा तिरंगा स्थापित किया गया। महापौर प्रशांत सिंघल और नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बटन दबाकर तिरंगे का शुभारंभ किया। जैसे ही तिरंगा शान से लहराया, पूरा ऊपरकोट क्षेत्र “हिंदुस्तान जिंदाबाद” और देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। मौके पर मौजूद हजारों नागरिकों ने एक साथ राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को सलामी दी।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा कि करीब 100 फुट की ऊंचाई पर लहराता यह तिरंगा शहरवासियों में देश और शहर के प्रति गौरव एवं प्रेम की भावना को मजबूत करने वाली स्थायी पहचान बनेगा। महापौर प्रशांत सिंघल ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज ही नहीं, बल्कि स्वतंत्रता, त्याग, बलिदान, एकता और अखंडता का प्रतीक है। ऐतिहासिक ऊपरकोट में इसकी स्थापना पूरे अलीगढ़ के लिए गौरव का विषय है।
इससे पूर्व नगर निगम सेवा भवन में भी 80वें स्वतंत्रता दिवस का समारोह उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। महापौर और नगर आयुक्त ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। इसके बाद पार्षदों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगान गाकर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।
समारोह के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को शॉल एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया। विभिन्न विद्यालयों से आए बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। कार्यक्रम में नगर निगम के पार्षद, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।




