युवाओं को केवल उपदेश नहीं, अवसर, सहभागिता और नेतृत्व देने की जिम्मेदारी सरकार निभाए : प्रो जसीम मोहम्मद
जेन-ज़ी के साथ संवाद और साथ स्थापित करने के लिए सरकार, जनप्रतिनिधियों और स्वयंसेवी संस्थाओं को आगे आना चाहिए

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी द्वारा आरआरएस को राष्ट्रभक्त जेन-ज़ी तैयार करने तथा कार्यकर्ताओं को युवाओं के बीच जाकर उनकी भाषा, विचारों और आवश्यकताओं को समझने के दिए गए संदेश का मैं हृदय से स्वागत और प्रशंसा करता हूं। यह विचार वर्तमान भारत की सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप अत्यंत महत्वपूर्ण है।सेन्टर फॉर नमो स्ट्डीज के अध्यक्ष प्रोफेसर जसीम मोहम्मद ने अपने वक्तव्य में कही, उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 के बाद केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार को भी इस दिशा में विशेष एवं व्यापक पहल करनी चाहिए थी। हालांकि, अभी भी देर नहीं हुई है। सरकार को देश की नई पीढ़ी अर्थात जेन-ज़ी के साथ सीधा संवाद स्थापित करने और उन्हें राष्ट्रनिर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए ठोस कार्यक्रम शुरू करने चाहिए।
प्रो. जसीम मोहम्मद ने कहा कि देश में कार्यरत गैर-सरकारी संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शैक्षणिक संगठनों और सामाजिक संस्थाओं को भी इस राष्ट्रीय अभियान में जिम्मेदारी दी जानी चाहिए। विशेष रूप से केंद्र सरकार के मंत्रियों, भाजपा सांसदों और अन्य जनप्रतिनिधियों को युवाओं के बीच जाकर उनके कार्यक्रमों, संवाद सत्रों और विचार-विमर्श में सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए।
सेन्टर फॉर नमो स्ट्डीज के अध्यक्ष प्रो जसीम मोहम्मद ने कहा कि जेन-ज़ी केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान भारत की एक महत्वपूर्ण शक्ति है। उनकी आकांक्षाओं, तकनीकी समझ, रचनात्मकता और ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देकर ही विकसित भारत 2047 के संकल्प को वास्तविकता में बदला जा सकता है। युवाओं को सुनना, समझना और निर्णय प्रक्रिया में भागीदार बनाना ही सशक्त एवं आत्मनिर्भर भारत की आधारशिला है।



