नई दिल्ली में प्रो. जारन मालुल्लेम से नवेद आलम की मुलाकात
भारत-थाईलैंड के बीच शैक्षिक सहयोग और एएमयू-किर्क यूनिवर्सिटी संबंध मजबूत करने पर चर्चा

नई दिल्ली, 1 अक्टूबर (मोहम्मद कामरान)
सर सैयद फाउंडेशन (एसएसएफ) के अध्यक्ष और अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन के निवर्तमान कैबिनेट सदस्य नवेद आलम ने नई दिल्ली में एएमयू के पूर्व छात्र एवं थाई शिक्षाविद् प्रो. जारन मालुल्लेम से शिष्टाचार मुलाकात की। यह मुलाकात प्रो. मालुल्लेम के भारत के शैक्षिक दौरे के दौरान हुई।
प्रो. जारन मालुल्लेम थाईलैंड के प्रधानमंत्री के सलाहकार के रूप में कार्य कर चुके हैं और वर्तमान में बैंकॉक स्थित क्रिर्क यूनिवर्सिटी में प्रो-वाइस चांसलर/वाइस रेक्टर हैं। वह सर सैयद फाउंडेशन के मुख्य संरक्षक भी हैं।
मुलाकात के दौरान नवेद आलम ने युवाओं के बौद्धिक, शैक्षिक और अकादमिक विकास में एएमयू, उसके विद्यार्थियों और दुनिया भर में मौजूद पूर्व छात्रों की भूमिका पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि पूर्व छात्र और शिक्षाविद एएमयू तथा क्रिर्क यूनिवर्सिटी के बीच शैक्षिक संबंधों को मजबूत करने के साथ भारत-थाईलैंड के बीच शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
दोनों के बीच विद्यार्थियों और पूर्व छात्रों के बीच शैक्षिक आदान-प्रदान, संस्थागत सहयोग तथा दोनों देशों के संबंधों को शिक्षा के माध्यम से मजबूत करने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ।
इस अवसर पर सर सैयद फाउंडेशन के महासचिव दाऊद राशिदी, जो एएमयू के अंग्रेजी विभाग के छात्र हैं, फाउंडेशन के इंटर्न सफियान, जफर वहीद और मोहम्मद अयान भी मौजूद रहे।
मुलाकात में क्रिर्क यूनिवर्सिटी के इंटरनेशनल अफेयर्स ऑफिस से जुड़े डॉ. हटन आंग लिंग (टिम), अकादमिक अफेयर्स डिवीजन ऑफिसर एवं लेक्चरर मोहम्मद रेडवान हसन रिफात, क्रिर्क यूनिवर्सिटी के प्रतिनिधि, वरिष्ठ थाई अलीग नादा ली सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


