अल-हिदाया कॉलेज में मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, बीएड पोजीशन होल्डर्स सम्मानित
अलीगढ़, 20 सितंबर (मोहम्मद कामरान)
अल-हिदाया कॉलेज ऑफ एजुकेशन, अलीगढ़ में रविवार को मेरिट-कम-मीन्स छात्रवृत्ति वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एएमयू एलुमनाई एसोसिएशन ऑफ ऑस्ट्रेलिया की ओर से बीएड प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के शैक्षणिक सत्र 2025-26 के मेधावी एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को छात्रवृत्तियां प्रदान की गईं। कार्यक्रम मुस्लिम सोशल अपलिफ्ट सोसाइटी, सुल्तान जहां मंजिल, अलीगढ़ के सहयोग से आयोजित हुआ।
मुख्य अतिथि एवं प्रतिष्ठित एएमयू पूर्व छात्र डॉ. नासिर हुसैन सिद्दीकी ने कहा कि अल-हिदाया कॉलेज एक दूरदर्शी उद्देश्य के साथ शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा और संस्थान की गतिविधियां यह दर्शाती हैं कि कॉलेज अपने उद्देश्य की ओर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने जरूरतमंद और अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों तक शिक्षा के अवसर पहुंचाने वाले संस्थानों के सहयोग पर जोर दिया।
कॉलेज के निदेशक प्रोफेसर हाफिज मोहम्मद इलियास ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्थान के 11 वर्ष के सफर की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अप्रैल 2015 में स्थापना के बाद अब तक करीब 1100 बीएड विद्यार्थी यहां से शिक्षा प्राप्त कर चुके हैं और देश-विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कॉलेज का उद्देश्य डिग्री देने के साथ विद्यार्थियों की तरबियत, मूल्य और व्यक्तित्व विकास पर भी ध्यान देना है।

उन्होंने बताया कि कॉलेज में आर्ट्स, कॉमर्स, एमए, बीटीसी और बीएड सहित विभिन्न पाठ्यक्रम संचालित हैं। बीएड में 100 सीटें हैं। ऑस्ट्रेलिया एलुमनाई एसोसिएशन की ओर से पिछले वर्ष 25 और इस वर्ष 20 छात्रवृत्तियां दी गईं, जबकि यूके एलुमनाई की ओर से 12 छात्रवृत्तियां मिलीं। इस वर्ष कुल 32 छात्रवृत्तियां वितरित की गईं और सात अन्य स्वीकृत हुई हैं। अगले वर्ष 50 छात्रवृत्तियां देने का लक्ष्य रखा गया है।
वर्ष 2027 में बीएससी बायोलॉजी, बीएससी पीसीएम, बीबीए और बीसीए जैसे नए पाठ्यक्रम शुरू करने तथा नैक (NAAC) की स्वीकृति के बाद स्नातकोत्तर स्तर तक कॉलेज के विस्तार की योजना भी बताई गई।
एएमयू जेएनएमसी की फैकल्टी ऑफ मेडिसिन के डीन प्रोफेसर मोहम्मद खालिद और डॉ. मोहम्मद शाहिद ने कॉलेज की शैक्षणिक सेवाओं और जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

कॉलेज के उपाध्यक्ष खालिद मसूद ने कहा कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी योग्य विद्यार्थी की शिक्षा प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने वाली संस्थाओं और सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में बीएड 2024-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान मोहम्मद इकबाल सिद्दीकी ने 90.81 प्रतिशत, द्वितीय फाजिला रईस ने 87.38 प्रतिशत, तृतीय आफताब अहमद और चतुर्थ सानिया तारिक ने 86.81 प्रतिशत, पांचवां अर्सला असद ने 85.19 प्रतिशत, छठा काशिफा खान ने 85 प्रतिशत, सातवां मोहम्मद नदीम ने 84.88 प्रतिशत, आठवां औरंगजेब ने 84.31 प्रतिशत तथा नौवां समन खान ने 83.81 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
कार्यक्रम में एएमयू के वरिष्ठ शिक्षक और शहर के गणमान्य लोग मौजूद रहे। अंत में कॉलेज के निदेशक कुंवर आसिफ ने सभी अतिथियों, संस्थाओं, शिक्षकों, विद्यार्थियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।




