प्रो. तारिक मंसूर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने पर ईदगाह व दरगाह कमेटियों ने दी बधाई
अलीगढ़, 26 अगस्त (मोहम्मद कामरान)।
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति एवं उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य प्रो. तारिक मंसूर को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन में दोबारा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने पर ईदगाह कमेटी, दरगाह शाहजमाल कमेटी, वक्फ 63 कमेटी और शहर के गणमान्य लोगों ने बधाई दी।
विभिन्न मुस्लिम संगठनों और कमेटियों के जिम्मेदार पदाधिकारियों ने प्रो. तारिक मंसूर से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्हें फूल माला पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर और बुके भेंट कर सम्मानित किया गया।
प्रतिनिधियों ने कहा कि प्रो. तारिक मंसूर को राष्ट्रीय स्तर पर दोबारा महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना अलीगढ़ और समाज के लिए गौरव की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके अनुभव और नेतृत्व से शिक्षा, विकास एवं सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में नए अवसर मिलेंगे।
प्रो. तारिक मंसूर ने सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह समाज की बेहतरी और जनकल्याण के लिए अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाने का प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर ईदगाह कमेटी के अध्यक्ष मसूद खान, सचिव दुलारे नबी, संरक्षक अब्दुल हफीज अंसारी, वक्फ 63 के सचिव मोईनुद्दीन, नदीम वासु, रहीमुद्दीन, कमर खान, हारुन सिद्दीकी, हाजी चिरागुद्दीन, हाजी सोहैल, हाजी यासीन, जाहिद नूर, एडवोकेट जियाउर्रहमान और अल्तमश कुरैशी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।




