मुलायम सिंह यादव के सम्मान पर सियासी घमासान, मुजाहिद किदवई ने नंद किशोर गुर्जर के खिलाफ खोला मोर्चा

अलीगढ़, 31 अगस्त (मोहम्मद कामरान)।
समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य एवं प्रवक्ता मुजाहिद किदवई ने पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व रक्षा मंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के संबंध में लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर द्वारा की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने विधायक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के साथ ही कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
रविवार को अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में मुजाहिद किदवई ने कहा कि मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश के कई बार मुख्यमंत्री और देश के रक्षा मंत्री रहे। भारत सरकार ने उन्हें पद्म विभूषण से सम्मानित किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि नंद किशोर गुर्जर को राजनीति में आगे बढ़ाने में भी मुलायम सिंह यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
किदवई ने कहा कि मुलायम सिंह यादव के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल बेहद निंदनीय है। उन्होंने नंद किशोर गुर्जर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त करने और कानून के तहत कार्रवाई करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि यदि विधायक के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे और जरूरत पड़ने पर अदालत का भी रुख करेंगे। उन्होंने भाजपा नेतृत्व से भी मामले का संज्ञान लेकर संबंधित विधायक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
मुजाहिद किदवई ने कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए और किसी को भी राजनीतिक लाभ के लिए पूर्व मुख्यमंत्री जैसी महत्वपूर्ण शख्सियत के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने की छूट नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि नंद किशोर गुर्जर आगामी चुनावों और राजनीतिक लाभ को ध्यान में रखते हुए इस तरह के बयान दे रहे हैं।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि समाजवादी पार्टी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एफआईआर दर्ज कराने के साथ-साथ कानूनी स्तर पर भी अपनी लड़ाई जारी रखेगी।



