एएमयू के जेडएचसीईटी में 23 मई को आयोजित होगा प्रोजेक्ट एक्सपो 2025-26

अलीगढ़, मोहम्मद कामरान : : अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जाकिर हुसैन कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (जेडएचसीईटी) में 23 मई को “प्रोजेक्ट एक्सपो जेडएचसीईटी 2025-26” आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य छात्रों को अपने नवाचार, तकनीकी कौशल, शोध क्षमता और उद्यमशील दृष्टिकोण को प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान करना है।
प्रदर्शनी में मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, सिविल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग, कंप्यूटर इंजीनियरिंग, केमिकल इंजीनियरिंग तथा पेट्रोलियम स्टडीज विभागों के प्रोजेक्ट प्रदर्शित किए जाएंगे। ये प्रोजेक्ट नवीकरणीय ऊर्जा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ऑटोमेशन, स्मार्ट टेक्नोलॉजी, सतत विकास तथा औद्योगिक अनुप्रयोग जैसे समकालीन विषयों पर आधारित होंगे।
प्रत्येक विभाग में मौलिकता, तकनीकी गुणवत्ता, प्रस्तुतीकरण तथा व्यावहारिक उपयोगिता के आधार पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रविष्टियों का मूल्यांकन शिक्षाविदों एवं उद्योग विशेषज्ञों द्वारा किया जाएगा।
जेडएचसीईटी के प्राचार्य प्रो. मोहम्मद मुजम्मिल ने बताया है कि यह प्रदर्शनी में संस्थान की नवाचार संस्कृति और शैक्षणिक उत्कृष्टता को प्रदर्शित किया जाएगा जो सैद्धांतिक शिक्षा और व्यावहारिक अनुप्रयोग के बीच की दूरी को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
प्रोजेक्ट एक्सपो प्रभारी डॉ. मोइना अथर ने कहा कि यह आयोजन छात्रों को वास्तविक जीवन की चुनौतियों के व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत करने का अवसर देगा, साथ ही उनके आत्मविश्वास, टीमवर्क और पेशेवर कौशल को भी बढ़ाएगा।
कार्यक्रम में छात्रों, शिक्षकों, पूर्व छात्रों, शोधकर्ताओं, उद्योग प्रतिनिधियों तथा विश्वविद्यालय समुदाय के सदस्यों की बड़ी भागीदारी की संभावना है।



