स्टाफ संकट से जूझ रही अलीगढ़ की विद्युत व्यवस्था, 216 कर्मचारियों की कमी से बढ़ीं समस्याएं

अलीगढ़, 27 मई 2026 (मोहम्मद कामरान)
जनपद अलीगढ़ की विद्युत व्यवस्था इस समय गंभीर स्टाफ संकट का सामना कर रही है, जिसका सीधा असर बिजली आपूर्ति, फॉल्ट निस्तारण और उपभोक्ता सेवाओं पर पड़ रहा है। विद्युत उपकेंद्रों और फीडरों के संचालन के लिए आवश्यक कर्मचारियों की भारी कमी के कारण व्यवस्था लगातार दबाव में काम कर रही है।
जनपद में वर्तमान में कुल 28 विद्युत उपकेंद्र और 167 फीडर संचालित हैं। निगम के निर्धारित मानकों के अनुसार प्रत्येक 11 केवी फीडर पर एक गैंग (एक स्किल्ड और दो अनस्किल्ड कर्मचारी) तथा प्रत्येक उपकेंद्र पर एक नाइट गैंग की व्यवस्था आवश्यक है। इस आधार पर जिले में कुल 195 गैंग की आवश्यकता है, जबकि वर्तमान में केवल 123 गैंग ही उपलब्ध हैं।
इस प्रकार जिले में 72 गैंग की कमी बनी हुई है, जिससे 72 स्किल्ड और 144 अनस्किल्ड कर्मचारियों सहित कुल 216 पदों का अभाव बना हुआ है।
कर्मचारियों की इस कमी का सबसे बड़ा असर फॉल्ट निस्तारण पर पड़ रहा है। कई बार एक ही उपकेंद्र क्षेत्र में एक साथ दो स्थानों पर फॉल्ट आने की स्थिति में सीमित स्टाफ के कारण अवर अभियंता दोनों फॉल्टों को तत्काल अटेंड नहीं करा पाते, जिससे बिजली आपूर्ति बहाल होने में देरी होती है।
इसके चलते उपभोक्ताओं को लो-वोल्टेज, बार-बार बिजली बाधित होने, शिकायतों के बढ़ने और लंबे समय तक सप्लाई प्रभावित रहने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं दूसरी ओर भीषण गर्मी और बढ़ते बिजली भार के बीच सीमित संसाधनों में काम कर रहे कर्मचारी लगातार अतिरिक्त दबाव झेल रहे हैं। अपर्याप्त स्टाफ व्यवस्था न केवल बिजली सेवाओं की गुणवत्ता को प्रभावित कर रही है बल्कि कर्मचारियों की सुरक्षा और कार्यक्षमता के लिए भी गंभीर चुनौती बनती जा रही है।
ऐसे में जनपद की विद्युत व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के लिए मानकानुसार अतिरिक्त गैंगों की स्वीकृति और कर्मचारियों की तत्काल तैनाती की मांग तेज हो गई है, ताकि उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।



