अलीगढ़ सोलर वेंडर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने भारत मंडपम का किया दौरा

अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा सम्मेलन में सौर ऊर्जा, ग्रीन हाइड्रोजन और नवीन तकनीकों की संभावनाओं को जाना

अलीगढ़, 4 नवंबर (मोहम्मद कामरान)। अलीगढ़ सोलर वेंडर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा सम्मेलन एवं एक्सपो का दौरा किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में विकसित हो रही आधुनिक तकनीकों, वैश्विक निवेश की संभावनाओं और भविष्य की ऊर्जा जरूरतों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

सम्मेलन में 130 से अधिक देशों के प्रतिनिधि, 40 से ज्यादा मंत्री और वैश्विक उद्योग जगत की प्रमुख हस्तियां भाग ले रही हैं। आयोजन में सौर ऊर्जा, स्वच्छ ऊर्जा, ग्रीन हाइड्रोजन, पवन ऊर्जा और ऊर्जा भंडारण जैसी आधुनिक तकनीकों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन (ISA) की नौवीं बैठक और ग्रीन हाइड्रोजन पर चौथा अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन भी आयोजित किया जा रहा है।

प्रतिनिधिमंडल ने एक्सपो में प्रदर्शित नवीन तकनीकों और ऊर्जा क्षेत्र में हो रहे नवाचारों का अवलोकन किया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि सौर एवं नवीकरणीय ऊर्जा का क्षेत्र तेजी से विस्तार कर रहा है। ऐसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में सहभागिता से स्थानीय सोलर वेंडर्स को नई तकनीकों, बाजार की संभावनाओं और उद्योग में आ रहे बदलावों को समझने का अवसर मिलता है। इससे अलीगढ़ में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने और उपभोक्ताओं को बेहतर तकनीकी सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

प्रतिनिधिमंडल में एसोसिएशन के संरक्षक मनीष सिंह, अध्यक्ष अमित शर्मा, सचिव ज्ञानेंद्र मिश्रा, कोषाध्यक्ष उपेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष सुधीर कुमार तथा सदस्य शीलेन्द्र उपाध्याय, ब्रजेश कुमार, आमिर, मदन मोहन, निखिल राज और योगेश कुमार सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।

एसोसिएशन ने इस दौरे को अलीगढ़ के सोलर उद्योग के लिए नई जानकारी, आधुनिक तकनीक और व्यावसायिक अवसरों से जुड़ने की महत्वपूर्ण पहल बताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button