थ्री-फेज बिजली मीटर की कमी के खिलाफ सोलर कारोबारियों का प्रदर्शन
नेट मीटरिंग के लंबित मामलों के जल्द निस्तारण की मांग, बिजली अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन
अलीगढ़, 19 अगस्त। अलीगढ़ में सोलर इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने थ्री-फेज बिजली मीटरों की लंबे समय से जारी कमी के खिलाफ बिजली विभाग के लालडिग्गी स्थित कार्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर थ्री-फेज मीटरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और लंबित नेट मीटरिंग के मामलों का जल्द निस्तारण कराने की मांग की।
अलीगढ़ सोलर इंडस्ट्री एसोसिएशन के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के दौरान एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने अधीक्षण अभियंता अंशुमान यादव और अधिशासी अभियंता जीवेश नंदन से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं और ज्ञापन सौंपा।
एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने बताया कि थ्री-फेज मीटर उपलब्ध नहीं होने के कारण कई रूफटॉप सोलर परियोजनाओं की नेट मीटरिंग प्रक्रिया लंबे समय से अटकी हुई है। इससे सोलर लगवाने वाले उपभोक्ताओं को अपने कनेक्शन और नेट मीटरिंग के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, सोलर कारोबार से जुड़े लोगों के काम पर भी इसका सीधा असर पड़ रहा है।
ज्ञापन में मांग की गई कि थ्री-फेज बिजली मीटरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा लंबे समय से लंबित नेट मीटरिंग के मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। एसोसिएशन ने कहा कि सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए जरूरी है कि मीटरिंग और कनेक्शन से जुड़ी प्रक्रियाओं को सरल और समयबद्ध बनाया जाए।
प्रदर्शन के दौरान सौर ऊर्जा के प्रभावी क्रियान्वयन, लंबित मामलों के शीघ्र समाधान और उपभोक्ताओं की समस्याओं पर भी अधिकारियों के साथ चर्चा की गई। एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि बिजली विभाग जल्द ही थ्री-फेज मीटरों की कमी दूर करने के साथ ही लंबित नेट मीटरिंग के मामलों में तेजी लाएगा।
इस अवसर पर अमित शर्मा, ज्ञानेंद्र मिश्रा, मनीष सिंह, शैलेंद्र उपाध्याय, अंकित गुप्ता, सुधीर कुमार, विकास गुप्ता, तरुण चौधरी, जितेंद्र अग्रवाल, विजेंद्र पाल सिंह, विश्वास प्रशार, पवन कुमार, निखिल राज, सतीश तोमर, बृजेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट: मोहम्मद कामरान, अलीगढ़




