एनएएएस फेलो चुने गए एएमयू के प्रो. जकी अनवर सिद्दीकी

अलीगढ़, मोहम्मद कामरान : अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग के प्रो. जकी अनवर सिद्दीकी को कृषि विज्ञान के क्षेत्र में देश के सर्वोच्च व्यावसायिक सम्मानों में से एक, नई दिल्ली स्थित नेशनल एकेडमी ऑफ एग्रीकल्चरल साइंसेज (एनएएएस) का फेलो चुना गया है।
उन्हें फेलोशिप प्रमाणपत्र नई दिल्ली में आयोजित अकादमी की 33वीं वार्षिक आम बैठक एवं स्थापना दिवस समारोह के दौरान एनएएएस के अध्यक्ष, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के महानिदेशक तथा भारत सरकार के कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग (डीएआरई) के सचिव डॉ. एम. एल. जाट द्वारा प्रदान किया गया।
अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पादप रोग वैज्ञानिक प्रो. सिद्दीकी पादप-परजीवी निमेटोड तथा फसलों की सुरक्षा के लिए सतत रोग-प्रबंधन रणनीतियों पर अपने अग्रणी शोध कार्यों के लिए जाने जाते हैं। तीन दशक से अधिक लंबे अपने शैक्षणिक एवं शोध करियर में उन्होंने 170 से अधिक शोध-पत्र प्रकाशित किए हैं, स्प्रिंगर नेचर से प्रकाशित दो पुस्तकों का संपादन किया है तथा राष्ट्रीय एजेंसियों द्वारा वित्तपोषित कई महत्वपूर्ण शोध परियोजनाओं का नेतृत्व किया है।
एएमयू के विशिष्ट पूर्व छात्र प्रो. सिद्दीकी वर्ष 1996 में वनस्पति विज्ञान विभाग में व्याख्याता के रूप् में शामिल हुए और 2012 में प्रोफेसर बने। वह इंडियन बॉटनिकल सोसाइटी तथा इंडियन फाइटोपैथोलॉजिकल सोसाइटी के भी फेलो हैं और जापान के क्योटो विश्वविद्यालय में विजिटिंग प्रोफेसर के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं।
एनएएएस का फेलो चुना जाना कृषि एवं पादप विज्ञान के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान की महत्वपूर्ण मान्यता का प्रतीक है और इससे अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय को भी गौरव प्राप्त हुआ है।



