एएमयू के पूर्व छात्र को दुबई की प्रतिष्ठित कंपनी में 37 लाख वार्षिक पैकेज पर नियुक्ति

अलीगढ़,  मोहम्मद कामरान : अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र डॉ. इरफान अहमद ने एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। इंडस्ट्रियल केमिस्ट्री में एम.एससी. तथा एप्लाइड केमिस्ट्री में पीएचडी करने वाले डॉ. अहमद का चयन दुबई स्थित तेल एवं गैस क्षेत्र की अग्रणी कंपनी ओरेन स्पेशियलिटीज एफज़ेडसीओ में हुआ है। यह नियुक्ति एएमयू के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट कार्यालय (जनरल) द्वारा आयोजित भर्ती अभियान के माध्यम से हुई।
डॉ. अहमद को प्रतिवर्ष 37 लाख का आकर्षक पैकेज प्रदान किया गया है, जो हाल के वर्षों में विश्वविद्यालय के माध्यम से प्राप्त उच्चतम अंतरराष्ट्रीय नियुक्तियों में से एक है। यह उपलब्धि उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता, पेशेवर दक्षता और समर्पण का प्रमाण है। साथ ही, यह वैश्विक स्तर पर एएमयू के विद्यार्थियों और शोधार्थियों की बढ़ती पहचान को भी दर्शाती है।
डॉ. इरफान अहमद को इस सफलता पर बधाई देते हुए प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट अधिकारी (जनरल) साद हमीद ने कहा कि ओरेन स्पेशियलिटीज एफज़ेडसीओ जैसी प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय संस्था में अवसर प्राप्त करना उनकी कड़़ी मेहनत, पेशेवर योग्यता और एएमयू में प्रदान की जाने वाली गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button