जेएन मेडिकल कालिज में मलेरिया एवं अन्य मच्छरजनित रोगों पर सेमीनार का आयोजन

अलीगढ़, मोहम्मद कामरान : अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज (जेएनएमसी) के मेडिसिन विभाग द्वारा ‘नो मलेरिया माह’ के अंतर्गत “मलेरिया एवं अन्य मच्छरजनित रोगों का निदान और प्रबंधन” विषय पर एक सेमीनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य इन रोगों की रोकथाम, समय पर पहचान तथा प्रभावी उपचार के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम की शुरुआत मेडिसिन विभाग के कार्यवाहक अध्यक्ष डॉ. सैयद हसन आमिर के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया को विशेष रूप से उष्णकटिबंधीय एवं उपोष्णकटिबंधीय क्षेत्रों में सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए एक गंभीर चुनौतीबताया। उन्होंने आगामी मानसून सत्र को ध्यान में रखते हुए इन रोगों की रोकथाम के लिए जनजागरूकता, सतर्कता और आवश्यक एहतियाती उपायों की आवश्यकता पर बल दिया।
मुख्य वक्ता वरिष्ठ रेजिडेंट डॉ. मोहम्मद हबीब उर रहमान ने मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया के निदान एवं उपचार संबंधी विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इन रोगों की शीघ्र पहचान के लिए रक्त एवं जैव-रासायनिक जांच अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने स्मीयर परीक्षण, रैपिड डायग्नोस्टिक टेस्ट तथा एलिसा (ईएलआईएसए) जांच की उपयोगिता पर भी चर्चा की।
डॉ. रहमान ने कहा कि घरों और आसपास जमा पानी को हटाना तथा मच्छररोधी उपायों का नियमित उपयोग करना जैसे सरल कदम इन रोगों के प्रसार को काफी हद तक रोक सकते हैं।
मेडिसिन विभाग के अध्यक्ष प्रो. ख्वाजा सैफुल्लाह जफर के मार्गदर्शन में आयोजित इस संगोष्ठी में विभाग के शिक्षकों, रेजिडेंट चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ तथा गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
कार्यक्रम का समापन डॉ. एम. उवैस अशरफ द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।



