एएमयू के सीसीएईई में कंप्यूटर पाठ्यक्रम के शिक्षार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम

अलीगढ़ : अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के सतत एवं प्रौढ़ शिक्षा तथा विस्तार केंद्र (सीसीएईई) द्वारा तीन माह के कंप्यूटर फंडामेंटल्स एंड एमएस ऑफिस बेसिक्स पाठ्यक्रम के लिए चयनित शिक्षार्थियों के लिए एक ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें कंप्यूटर विज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रो. अरमान रसूल फरीदी ने प्रतिभागियों से अपने करियर पर ध्यान केंद्रित करने और सकारात्मक व्यक्तित्व विकास की दिशा में निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
उन्होंने डिजिटल साक्षरता के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डालते हुए एमएस वर्ड, एमएस एक्सेल और एमएस पावरपॉइंट के डेस्कटॉप पब्लिशिंग, डिजाइनिंग और कार्यालयी कार्यों में उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने वर्तमान डिजिटल युग में स्मार्टफोन और कंप्यूटर की भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, व्यवसाय, शासन और सार्वजनिक प्रशासन सहित लगभग सभी क्षेत्रों में कंप्यूटर दक्षता अनिवार्य हो चुकी है तथा प्रतिभागियों को आधुनिक डिजिटल कौशल अर्जित करने के लिए प्रेरित किया।
इससे पूर्व केंद्र के निदेशक डॉ. शमीम अख्तर ने प्रतिभागियों से कंप्यूटर के उपयोग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आग्रह किया, ताकि उनकी रोजगार क्षमता और व्यावसायिक दक्षता में वृद्धि हो सके। उन्होंने धन्यवाद ज्ञापन भी दिया।



