प्रो योगेश सिंह को दिल्ली विश्वविद्यालय में पुनर्नियुक्ति पर दी बधाई, कहा— विकसित भारत के लक्ष्य के लिए शिक्षा नीति निर्माण में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं : प्रो. जसीम मोहम्मद

दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह की कार्य क्षमताओं का राष्ट्रीय स्तर पर उपयोग हो

दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह की पुनः पाँच वर्ष के कार्यकाल के लिए नियुक्ति पर शिक्षाविद् एवं सेंटर फॉर नमो स्टडीज़ (नमो अध्ययन केन्द्र) के प्रबंध न्यासी प्रो. जसीम मोहम्मद ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।
 उन्होंने कहा कि प्रो. योगेश सिंह एक कुशल प्रशासक, दूरदर्शी शिक्षाविद् और परिणामोन्मुख नेतृत्वकर्ता हैं, जिनकी कार्यशैली और सोच उन्हें अन्य शिक्षाविदों से अलग पहचान देती है।
प्रो. जसीम मोहम्मद ने कहा कि उन्होंने प्रो. योगेश सिंह के व्यक्तित्व, कार्यक्षमता और शैक्षणिक दृष्टिकोण को निकट से देखा और समझा है। उनका मानना है कि उनकी क्षमताओं का उपयोग केवल एक विश्वविद्यालय तक सीमित न रहकर राष्ट्रीय स्तर पर किया जाना चाहिए, ताकि वे विकसित भारत के निर्माण में व्यापक योगदान दे सकें।
उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को अपने X हैंडल के माध्यम से आग्रह करते हुए कहा कि देश को ऐसे अनुभवी और परिणाम देने वाले शिक्षाविदों की आवश्यकता है, जो शिक्षा सुधारों को केवल नीतियों तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें प्रभावी ढंग से धरातल पर भी लागू कर सकें। उन्होंने कहा कि यदि प्रो. योगेश सिंह जैसे अनुभवी शिक्षा प्रशासक को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) जैसी महत्वपूर्ण संस्था में नेतृत्व की जिम्मेदारी मिले या शिक्षा से जुड़े किसी बड़े राष्ट्रीय दायित्व अथवा केंद्रीय मंत्रिमंडल में अवसर दिया जाए, तो देश में एक नए शैक्षणिक वातावरण का निर्माण संभव है।
प्रो. जसीम मोहम्मद ने कहा कि विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए योग्य और कर्मठ व्यक्तियों को उनकी क्षमता के अनुरूप जिम्मेदारियाँ दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश को ऐसे नेतृत्व की आवश्यकता है जो केवल नियम बनाने तक सीमित न रहे, बल्कि उन्हें प्रभावी रूप से लागू भी कर सके।
अंत में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी से अपील करते हुए कहा कि राष्ट्रहित में कुशल व्यक्तियों को उचित मंच और बड़ी जिम्मेदारी प्रदान की जानी चाहिए और उनके कार्यों की निगरानी भी रखनी चाहिए, क्योंकि यही विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button