सिंगापुर और इंडोनेशिया के विश्वविद्यालयों के दौरे से एएमयू के शिक्षक ने मजबूत किए अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक संबंध

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के गणित विभाग के डॉ. जावेद अली ने जून 2026 के दौरान सिंगापुर और इंडोनेशिया के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों का शैक्षणिक दौरा कर आमंत्रित व्याख्यान दिए तथा अंतरराष्ट्रीय अनुसंधान सहयोग और शैक्षणिक आदान-प्रदान की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया।
सिंगापुर के राष्ट्रीय विश्वविद्यालय में उन्होंने विज्ञान संकाय के उप अधिष्ठाता प्रो. एन. जी. काह लून से मुलाकात कर संयुक्त अनुसंधान तथा छात्र विनिमय कार्यक्रमों पर चर्चा की।
इंडोनेशिया के बांडुंग प्रौद्योगिकी संस्थान में डॉ. जाविद अली ने ‘स्थिर बिंदु पुनरावृत्तिः अभिसरण एवं स्थिरता विश्लेषण’ विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान दिया। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ शिक्षकों के साथ संयुक्त अनुसंधान तथा पीएचडी विद्यार्थियों के संयुक्त मार्गदर्शन की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया।
उन्होंने बांडुंग स्थित इंडोनेशिया शिक्षा विश्वविद्यालय में आयोजित ‘फलनीय विश्लेषण, अवकल समीकरण एवं मॉडलिंग’ विषयक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में ‘साई-हिल्फर भिन्नात्मक गतिकीय प्रणालियों की नियंत्रणीयता’ विषय पर मुख्य वक्तव्य भी प्रस्तुत किया।
योग्याकार्ता स्थित गजाह माडा विश्वविद्यालय, जिसके साथ अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय ने वर्ष 2023 में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए थे, में डॉ. जाविद अली ने ‘स्थिर बिंदु कलन विधियांः अभिसरण विश्लेषण एवं अनुप्रयोग’ विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान दिया। उन्होंने वहां के शिक्षकों के साथ संयुक्त अनुसंधान तथा संयुक्त पीएचडी मार्गदर्शन की संभावनाओं पर भी चर्चा की।
डॉ. जावेद अली के 82 शोध पत्र विज्ञान उद्धरण सूचकांक और स्कोपस में सूचीबद्ध अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने स्प्रिंगर द्वारा प्रकाशित एक सम्मेलन कार्यवाही ग्रंथ का संपादन भी किया है। उनके निर्देशन में चार शोधार्थियों ने पीएचडी तथा 22 विद्यार्थियों ने स्नातकोत्तर शोध प्रबंध पूरे किए हैं। इसके अलावा उन्होंने ज्ञान कार्यक्रम के अंतर्गत एक विशेष पाठ्यक्रम का आयोजन किया है तथा शैक्षणिक सहयोग और अनुसंधान के लिए 40 से अधिक विदेशी विश्वविद्यालयों का दौरा कर अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक संबंधों को नई मजबूती प्रदान की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button