एएमयू सिटी स्कूल में महिला स्टाफ कक्ष एवं वाहन स्टैंड का उद्घाटन

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के स्कूल शिक्षा निदेशालय की निदेशक प्रो. कुदसिया तहसीन द्वारा राजा महेंद्र प्रताप सिंह एएमयू सिटी स्कूल में नवनिर्मित दोपहिया वाहन स्टैंड तथा नवसज्जित महिला स्टाफ कक्ष का उद्घाटन किया।
उद्घाटन समारोह में कार्यवाहक प्रधानाचार्य डॉ. मोहम्मद फैय्याजुद्दीन, शिक्षकगण तथा शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।
शिक्षकों को संबोधित करते हुए प्रो. कुदसिया तहसीन ने नियमित, प्रभावी और विद्यार्थी-केंद्रित शिक्षण पर बल देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक सफलता का आधार कक्षा में दी जाने वाली गुणवत्तापूर्ण शिक्षा होतीहै। उन्होंने शिक्षकों से समयपालन, शैक्षणिक अनुशासन तथा आपसी सहयोग के साथ शिक्षण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने का आग्रह किया। उन्होंने शिक्षकों से गुणवत्तापूर्ण कक्षा शिक्षण तथा अनुशासन के माध्यम से शैक्षणिक उत्कृष्टता बनाए रखने का आह्वान भी किया।
प्रो. कुदसिया ने विद्यालय में आधारभूत सुविधाओं के विकास की सराहना करते हुए कहा कि बेहतर एवं सुविधासंपन्न कार्य वातावरण से संस्थान की कार्यक्षमता बढ़ती है और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने शैक्षणिक उत्कृष्टता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक उपायों पर भी चर्चा की तथा विश्वास व्यक्त किया कि विद्यालय का शिक्षकमंडल अपने सामूहिक प्रयासों से संस्थान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।
कार्यवाहक प्रधानाचार्य डॉ. मोहम्मद फैय्याजुद्दीन ने प्रो. कुदसिया तहसीन का विद्यालय के विकास में निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार व्यक्तकिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि विद्यालय का शिक्षकमंडल उच्च शैक्षणिक मानकों को बनाए रखने तथा उनके सुझावों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करता रहेगा।


