एएमयू के जेएन मेडिकल कालिज फार्माकोलोजी विभाग ने विश्व मंच पर बढ़ाया भारत का मान

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के औषधि विज्ञान विभाग ने ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में आयोजित इंटरनेशनल यूनियन ऑफ बेसिक एंड क्लीनिकल फार्माकोलॉजी (आईयूपीएचएआर) की 20वीं विश्व बेसिक एवं क्लीनिकल फार्माकोलॉजी कांग्रेस में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर विश्वविद्यालय और देश का गौरव बढ़ाया। इस प्रतिष्ठित सम्मेलन में 70 से अधिक देशों के प्रमुख औषधि वैज्ञानिकों और जैव चिकित्सा विशेषज्ञों ने भाग लिया।

विभाग के वरिष्ठ रेजिडेंट डॉ. अम्मार खालिद को बेसिक एंड ट्रांसलेशनल फार्माकोलॉजी श्रेणी में प्रतिष्ठित आईयूपीएचएआर ईएमसीआर ओरल पुरस्कार के लिए विश्व स्तर पर शीर्ष तीन प्रतिभागियों में चुना गया। उन्होंने पुरस्कार सत्र में अपने शोध का प्रस्तुतीकरण किया और भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले एकमात्र प्रतिभागी रहे। सम्मेलन में भागीदारी के लिए उन्हें भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद-स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग, भारत सरकार की ओर से अंतरराष्ट्रीय यात्रा अनुदान भी प्रदान किया गया।

औषधि विज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रो. सैयद जियाउर रहमान ने भी सम्मेलन में अपना शोध पत्र प्रस्तुत किया, जिसकी प्रतिभागियों ने सराहना की। मेलबर्न प्रवास के दौरान उन्हें मेलबर्न विश्वविद्यालय के मेलबर्न मेडिकल स्कूल द्वारा आयोजित मेलबर्न मेडिकल संगोष्ठी-2026 में भी आमंत्रित कियागया। इस संगोष्ठी में चिकित्सा शिक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल स्वास्थ्य, जैव चिकित्सा नवाचार और स्वास्थ्य क्षेत्र में साझेदारी से जुड़े उभरते विषयों पर विशेषज्ञों ने विचार-विमर्श किया।

विश्व के सबसे प्रतिष्ठित औषधि विज्ञान सम्मेलनों में एएमयू के वैज्ञानिकों की इन उपलब्धियों ने विश्वविद्यालय की बढ़ती वैश्विक शैक्षणिक पहचान को और मजबूत किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button