अलीगढ़ में पर्यटन विकास की अपार संभावनाएं : राजवीर सिंह
होटल व्यवसाय को उद्योग का दर्जा देने और अलीगढ़ को बृज टूरिज्म सर्किट से जोड़ने की मांग

अलीगढ़, 8 अगस्त, मोहम्मद कामरान। शैक्षणिक और औद्योगिक नगरी अलीगढ़ में पर्यटन विकास की अपार संभावनाएं हैं। जरूरत इन संभावनाओं को धरातल पर उतारने की है। यह बात उप्र सरकार के पूर्व मंत्री एवं एटा सांसद राजवीर सिंह ‘राजू भैया’ ने होटल फॉरच्यून में अलीगढ़ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन द्वारा आयोजित पर्यटन विकास पर कार्यक्रम में कही।
राजवीर सिंह ने कहा कि किसी भी जनपद की पहचान में वहां के होटल महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अलीगढ़ के होटल संचालक ईमानदारी और बेहतर सेवा के साथ अतिथियों का स्वागत कर शहर की पहचान मजबूत कर रहे हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ एसएसपी नीरज कुमार सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। संचालन एसोसिएशन के अध्यक्ष मानव महाजन ने किया, जबकि चेयरमैन पंकज धीरज ने कार्यक्रम की प्रस्तावना रखी। महामंत्री विवेक बगाई ने अतिथियों का स्वागत किया।

महापौर प्रशांत सिंघल ने कहा कि अलीगढ़ के होटल यहां के ब्रांड एंबेसडर हैं, जो ‘अतिथि देवो भवः’ की परंपरा को निभा रहे हैं। एसएसपी नीरज कुमार ने कहा कि गंगा और यमुना के मध्य स्थित अलीगढ़ में एडवेंचर और वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों को बढ़ावा देकर आगरा, मथुरा और दिल्ली-एनसीआर के पर्यटकों को आकर्षित किया जा सकता है।
जिला पंचायत अध्यक्ष विजया सिंह, कोल विधायक अनिल पाराशर, एमएलसी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह, एडीएम प्रशासन सौरभ भट्ट और अपर नगर आयुक्त राकेश कुमार ने पर्यटन विकास की दिशा में एसोसिएशन की पहल की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। रीजनल टूरिस्ट ऑफिसर अनुपम श्रीवास्तव ने अलीगढ़ में प्रस्तावित पर्यटन विकास कार्यों और प्रदेश सरकार की टूरिज्म पॉलिसी की जानकारी दी।
चेयरमैन पंकज धीरज ने प्रदेश में होटल व्यवसाय को उद्योग का दर्जा देने की मांग उठाते हुए कहा कि एसोसिएशन इस मांग को सरकार से पूरा कराने के लिए प्रयास करेगी। अध्यक्ष मानव महाजन ने अलीगढ़ को बृज टूरिज्म सर्किट से जोड़ने के साथ ही अलीगढ़ को मथुरा रेलवे ट्रैक से जोड़ने की बहुप्रतीक्षित मांग रखी।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह हुआ। मुख्य संरक्षक राजवीर सिंह ‘राजू भैया’ ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। इस दौरान एसोसिएशन के संरक्षक इंद्रजीत सिंह बिल्ला, राजकुमार गुप्ता, कमल बगाई, पदाधिकारी शरद मित्तल, सरदार मनमीत सिंह, प्रदीप सिंघल, अखिल गुप्ता, प्रमीत गुप्ता, अनमोल जुनेजा, दीपक गर्ग सहित विभिन्न संगठनों के अध्यक्ष एवं सदस्य मौजूद रहे।



