एएमयू कोर्ट मेंबर चुनाव में छात्रा अमीना फैजान की पहली जीत, यूनानी मेडिसिन फैकल्टी से निर्वाचित

अलीगढ़, 05 नवंबर (मोहम्मद कामरान)

अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) में चल रहे छात्र संघ चुनाव के नतीजे देर रात तक आने की उम्मीद है, लेकिन विभिन्न फैकल्टी से चुने जाने वाले एएमयू कोर्ट मेंबर्स के चुनाव परिणाम सामने आने शुरू हो गए हैं। इसी क्रम में यूनानी मेडिसिन फैकल्टी से अमीना फैजान को एएमयू कोर्ट मेंबर के रूप में विजयी घोषित किया गया है।

यूनानी मेडिसिन फैकल्टी में हुए चुनाव में अमीना फैजान ने कुल 216 वोट हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी मोहम्मद शहजाद को 105 वोट मिले। इस तरह अमीना फैजान ने 111 वोटों के स्पष्ट अंतर से मोहम्मद शहजाद को पराजित किया।

एएमयू में करीब आठ साल के लंबे अंतराल के बाद हो रहे छात्र संघ चुनाव के साथ-साथ एएमयू कोर्ट मेंबर के चुनाव में भी छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस बार चुनावी प्रक्रिया में छात्राओं की भागीदारी विशेष रूप से देखने को मिली है। यूनानी मेडिसिन फैकल्टी से अमीना फैजान की जीत कोर्ट मेंबर के चुनाव में छात्राओं की ओर से सामने आई पहली प्रमुख जीत है।

अमीना फैजान की जीत की घोषणा होते ही उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। वहीं, विश्वविद्यालय में अन्य फैकल्टी से कोर्ट मेंबर के चुनाव परिणाम भी लगातार सामने आने लगे हैं।

गौरतलब है कि एएमयू छात्र संघ के विभिन्न पदों के लिए गुरुवार को मतदान हुआ था। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद शाम 7:30 बजे से मतगणना शुरू कर दी गई। छात्र संघ के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और कैबिनेट पदों के परिणाम देर रात तक घोषित किए जाने की उम्मीद है। इसके साथ ही एएमयू कोर्ट मेंबर के चुनाव परिणाम भी क्रमवार घोषित किए जा रहे हैं।

अलीगढ़ से मोहम्मद कामरान की रिपोर्ट

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button