एएमयू सिटी गर्ल्स हाई स्कूल में अलंकरण समारोह आयोजित

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के सिटी गर्ल्स हाई स्कूल में अलंकरण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें नवगठित विद्यार्थी परिषद को औपचारिक रूप से जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

एएमयू के स्कूल शिक्षा निदेशालय की निदेशक प्रो. कुदसिया तहसीन मुख्य अतिथि और उपनिदेशक प्रो. मोहम्मद आजम खान विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम की शुरुआत कार्यवाहक प्रधानाचार्य मोहम्मद जावेद अख्तर के स्वागत भाषण से हुई। इसके बाद मार्च पास्ट, विद्यार्थियों को सैशे पहनाने और परिषद के सदस्यों को पद एवं कर्तव्य की शपथ दिलाने की प्रक्रिया संपन्न हुई।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्रो. कुदसिया तहसीन ने उनसे ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने दायित्व निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सच्चा नेतृत्व आचरण और सेवा भावना से प्रदर्शित होता है। उन्होंने समारोह के सुव्यवस्थित आयोजन की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने और उनका पूरा उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

प्रो. मोहम्मद आजम खान ने विभिन्न अंतर-विद्यालय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किए। उन्होंने बालिका शिक्षा और महिला सशक्तीकरण के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

नवगठित विद्यार्थी परिषद में हुमेरा को हेड गर्ल, सानिया मलिक को उप-हेड गर्ल, फौजिया शकील को सांस्कृतिक सचिव, जोहरा खान को साहित्यिक सचिव और अलीशा को खेल कप्तान नियुक्त किया गया। इसके अलावा हाउस कप्तान, उपकप्तान और प्रीफेक्ट भी नियुक्त किए गए।

कक्षा 10-ए की छात्रा और नव नियुक्त हेड गर्ल हुमेरा ने जिम्मेदारी और सामूहिक नेतृत्व के महत्व पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में ड्रिल प्रदर्शन भी प्रस्तुत किया गया।

उपप्रधानाचार्या पाकीजा खान ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन उरूजा खान ने किया। आयोजन में नाजिश सिद्दीकी, अंबरीन रहमान और मोहम्मद मोहसिन ने समन्वय किया, जबकि अशद जावेद ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button