अल-बरकात में एचआर समिट, छात्रों को मिला करियर का मार्गदर्शन

अलीगढ़, 22 नवंबर (मोहम्मद कामरान): अल-बरकात इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (ABIMS) में शनिवार को ‘EVOLVE 2.0 – An HR Summit 2026’ का आयोजन किया गया। ‘Where Adaptability Is A Success’ थीम पर आयोजित इस समिट में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों के मानव संसाधन विशेषज्ञों और कॉर्पोरेट जगत के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा किए। साथ ही करियर निर्माण, कौशल विकास और रोजगार की संभावनाओं को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया।

कार्यक्रम के दौरान विप्रो के ओवैस ने विद्यार्थियों को डेटा एनालिसिस सीखने पर विशेष जोर दिया। मार्क इम्पेक्स के जहांजेब ने कहा कि कंपनियां इस बात को महत्व देती हैं कि उम्मीदवार समस्याओं के समाधान को कितनी प्रभावी तरीके से प्रस्तुत कर सकते हैं। वहीं, लिंक लॉक्स के नसीम अहमद ने विद्यार्थियों को ईआरपी (ERP) की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से समझाया।

आईसीआईसीआई बैंक के रविकांत ने बैंकिंग क्षेत्र में रोजगार के विभिन्न अवसरों, संबंधित विभागों तथा उनमें नौकरी पाने के लिए आवश्यक योग्यताओं और तैयारियों की जानकारी दी। इंजीनियरिंग एंड एनवायरनमेंट सॉल्यूशंस के सैयद जकियुल्लाह ने विद्यार्थियों को अपनी कार्यक्षमता में लगातार सुधार करने और नई चीजें सीखने के लिए हमेशा तत्पर रहने की सलाह दी। वहीं, जजा फाइनेंस के मोहम्मद अरहम ने वित्तीय क्षेत्र में रोजगार पाने के लिए आवश्यक कौशल और योग्यताओं पर प्रकाश डाला।

सभी विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों से व्यक्तिगत रूप से भी बातचीत की और उनके करियर से जुड़े सवालों के जवाब देते हुए मार्गदर्शन प्रदान किया। इस सत्र में विद्यार्थियों ने विशेष रुचि दिखाई और उत्साहपूर्वक भाग लिया।

संस्थान के निदेशक प्रो. जावेद अख्तर ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव और औद्योगिक क्षेत्र की कार्यप्रणाली से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बदलती पेशेवर जरूरतों के अनुरूप खुद को तैयार करना और नई-नई दक्षताएं विकसित करना युवाओं के लिए बेहद जरूरी है।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रशिक्षण एवं नियोजन अधिकारी अहमद नदीम तथा सभी शिक्षकों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम का संचालन अलीना मुख्तार, अनम हसीन, फातिमा अंसार और सहर जफर ने किया। कार्यक्रम को क्रेडेंस एलएलसी एवं अलीगढ़ कोचिंग सेंटर प्राइवेट लिमिटेड का प्रायोजन सहयोग प्राप्त हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button