साद शेरवानी के दौरे से कोल विधानसभा सीट को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज

सपा नेताओं से मुलाकातों का दौर

अलीगढ़, 22 नवंबर (मोहम्मद कामरान): उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही अलीगढ़ की कोल विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी के संभावित दावेदारों की सक्रियता बढ़ने लगी है। इसी बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सलीम इकबाल शेरवानी के पुत्र साद शेरवानी की अलीगढ़ में बढ़ती राजनीतिक गतिविधियों ने स्थानीय सियासी हलकों में चर्चाओं को तेज कर दिया है। रविवार को साद शेरवानी ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से मुलाकात की तथा कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।

साद शेरवानी का दौरा सुबह 10 बजे होटल लेमन ट्री से शुरू हुआ, जहां उन्होंने 11 बजे तक लोगों से मुलाकात की। इसके बाद वह क्वारसी चौराहे स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पहुंचे। यहां पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए और पार्टी की बैठक में शामिल हुए।

दोपहर 1 से 2 बजे तक उन्होंने समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष अश्विनी शर्मा से रामघाट रोड स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। इसके बाद दोपहर 2 से 3 बजे तक किला रोड पर अपने एक परिचित से मुलाकात की। शाम 3 से 4 बजे तक वरिष्ठ सपा नेता मुजाहिद किदवई के आवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की।

इसी क्रम में शाम 4 से 5 बजे तक केला नगर चौराहे पर सगीर अहमद रोशनी वालों के यहां लोगों से मुलाकात की। शाम 5 से 6 बजे तक वह इकरा स्कूल बाईपास स्थित मुमताज शेरवानी के आवास पहुंचे, जहां स्थानीय लोगों और समर्थकों से बातचीत की। शाम 6 से 7 बजे तक जोहरा बाग में नगर निगम पार्षद नईम के आवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर विभिन्न राजनीतिक एवं स्थानीय मुद्दों पर चर्चा की।

इसके बाद साद शेरवानी शहर के उपाध्यक्ष आफाक अहमद खान अफ्फू अलीग के आवास पर पहुंचे और उनकी कुशलक्षेम जानी। बताया गया कि आफाक अहमद खान पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। साद शेरवानी ने उनसे मुलाकात कर जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

एक ही दिन में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में साद शेरवानी की इन मुलाकातों को कोल विधानसभा क्षेत्र की आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी के कई स्थानीय नेता कोल विधानसभा सीट से अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। ऐसे में साद शेरवानी की अलीगढ़ में लगातार सक्रियता और पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से बढ़ते संपर्क को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

गौरतलब है कि साद शेरवानी समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सलीम इकबाल शेरवानी के पुत्र हैं। सलीम इकबाल शेरवानी की पार्टी के शीर्ष नेतृत्व में महत्वपूर्ण राजनीतिक पहचान रही है। ऐसे में साद शेरवानी का अलीगढ़ आकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से संपर्क बढ़ाना स्थानीय राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है।

राजनीतिक हलकों में कोल विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के कई संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा चल रही है। हालांकि पार्टी की ओर से अभी तक इस सीट के लिए किसी प्रत्याशी के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में साद शेरवानी की सक्रियता के बाद उनकी संभावित दावेदारी को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं। अब पार्टी का शीर्ष नेतृत्व इस सीट से किसे उम्मीदवार घोषित करता है, इस पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

साद शेरवानी के दौरे के दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष अश्विनी शर्मा,  खावर शेरवानी , खालिद शेरवानी, मुशर्रफ महजर, पार्षद सलाहुद्दीन, बादशाह खान, शान मियां, तसव्वुर जमाल, जोहराबाद के पार्षद नईम, मुमताज शेरवानी, कुंवर बहादुर बघेल, शिवराज सिंह जादौन, मनोज चौधरी  और  नसीर अहमद  सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता, कार्यकर्ता, समर्थक और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button