एएमयू जेएनएमसी के छात्रों ने संस्थान स्तरीय पैथोलॉजी प्रश्नोत्तरी में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के पैथोलॉजी विभाग के एमबीबीएस छात्रों ने पैथालोजी विभाग द्वारा उत्तर प्रदेश इंडियन एसोसिएशन ऑफ पैथोलॉजिस्ट्स एंड माइक्रोबायोलॉजिस्ट्स के तत्वावधान में आयोजित संस्थान स्तरीय पैथोलॉजी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में फायजा फुरकान ने प्रथम, मरियम अहमद ने द्वितीय तथा अरमान तारिक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में एमबीबीएस द्वितीय व्यावसायिक वर्ष के लगभग 25 छात्रों ने भाग लिया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में शैक्षणिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देना, विषय की अवधारणाओं को मजबूत करना तथा स्वस्थ शैक्षणिक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना था।
उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर फायजा फुरकान और मरियम अहमद का चयन अगस्त में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय पैथोलॉजी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जहां वे जेएनएमसी का प्रतिनिधित्व करेंगी।
पैथोलॉजी विभाग की अध्यक्ष प्रो. निशात अफरोज ने विजेताओं को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी कीसराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक प्रतियोगिताएं छात्रों में पैथोलॉजी विषय के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ उनकी विश्लेषण क्षमता और रोग पहचान संबंधी दक्षता को भी विकसित करती हैं।
प्रतियोगिता के सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जबकि विजेताओं को उनकी उपलब्धि के सम्मान में स्मृति चिह्न भेंट किए गए।
प्रश्नोत्तरी की संयोजक एवं पैथोलॉजी विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. बुशरा सिद्दीकी ने कहा कि ऐसे शैक्षणिक आयोजन विद्यार्थियों को अपने ज्ञान का मूल्यांकन करने, चिकित्सकीय तर्क क्षमता को विकसित करने तथा उच्च स्तरीय शैक्षणिक प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने का अवसर प्रदान करते हैं। विभाग के समस्त शिक्षकों ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा िकवह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी श्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे।



