धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा राहुल गांधी और युवा शक्ति के दबाव का परिणाम: विवेक बंसल

पूर्व विधायक बोले— छात्रों की सभी मांगें पूरी होने तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा

मोहम्मद कामरान | The News Nation | अलीगढ़

अलीगढ़, 25 जुलाई। कांग्रेस के पूर्व विधायक विवेक बंसल ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को देश की युवा शक्ति की जीत बताते हुए कहा कि यह फैसला युवाओं के लगातार संघर्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा कांग्रेस पार्टी द्वारा बनाए गए राजनीतिक दबाव का परिणाम है।

जारी बयान में विवेक बंसल ने कहा कि NEET पेपर लीक मामले के पहले दिन से ही राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर संसद तक छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों को न्याय दिलाने और देश की शिक्षा व्यवस्था में व्यापक एवं मूलभूत सुधार होने तक कांग्रेस का संघर्ष लगातार जारी रहेगा।

विवेक बंसल ने स्पष्ट किया कि यह लड़ाई केवल एक मंत्री के इस्तीफे तक सीमित नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस तब तक अपना आंदोलन जारी रखेगी, जब तक सरकार छात्रों की सभी मांगों को पूरा नहीं करती।

उन्होंने मांग की कि छात्र आंदोलन के दौरान कथित लाठीचार्ज और पैलेट गन के इस्तेमाल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह युवाओं से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। साथ ही आंदोलन के दौरान छात्रों के खिलाफ दर्ज सभी मुकदमे तत्काल वापस लिए जाएं। उन्होंने यह भी मांग की कि NEET पेपर लीक के कारण मानसिक तनाव और निराशा में आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए तथा देश की परीक्षा और शिक्षा व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और भ्रष्टाचार मुक्त बनाया जाए।

विवेक बंसल ने कहा कि जब तक छात्रों के हितों की रक्षा नहीं होती और शिक्षा व्यवस्था में आवश्यक सुधार लागू नहीं किए जाते, तब तक कांग्रेस और देश की युवा शक्ति का संघर्ष जारी रहेगा।

✍️ रिपोर्ट: मोहम्मद कामरान | The News Nation | अलीगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button