अलीगढ़ में बुद्धिजीवियों और छात्रों का संवाद, राजेंद्र पाल गौतम ने केंद्र सरकार की नीतियों पर उठाए सवाल

अलीगढ़, 8 जुलाई। मोहम्मद कामरान
अलीगढ़, 8 जुलाई। सामाजिक संगठन सोच और जैतूना फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में “इंटेलेक्चुअल्स एंड स्टूडेंट्स ऑफ अलीगढ़” विषय पर संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी एवं पूर्व मंत्री राजेंद्र पाल गौतम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पद्मश्री प्रो. सैयद ज़िलुर्रहमान खान ने की।
कार्यक्रम में शहर के बुद्धिजीवियों, शिक्षकों, छात्रों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। अपने संबोधन में राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि देश की आजादी की लड़ाई कांग्रेस ने लड़ी और आधुनिक भारत के निर्माण में पार्टी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश को एम्स, आईआईटी और आईआईएम जैसे प्रतिष्ठित संस्थान दिए, सैकड़ों सार्वजनिक क्षेत्र के उद्योग स्थापित किए तथा शिक्षा का अधिकार, सूचना का अधिकार और खाद्य सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण कानून लागू किए, जिन्होंने देश की लोकतांत्रिक और सामाजिक व्यवस्था को मजबूत किया।
मीडिया से बातचीत में राजेंद्र पाल गौतम ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा ने देश की कई क्षेत्रीय राजनीतिक पार्टियों को कमजोर किया है। उन्होंने कहा कि जो भी दल भाजपा के खिलाफ मजबूती से खड़ा होता है, उसे तोड़ने का प्रयास किया जाता है।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस एक बार फिर मजबूती के साथ उभर रही है। उनके अनुसार, एक समय ऐसा जरूर आया था जब कांग्रेस कमजोर हुई, लेकिन अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं और जनता समझ चुकी है कि केवल क्षेत्रीय दलों के सहारे राष्ट्रीय राजनीति नहीं चल सकती।
राजेंद्र पाल गौतम ने नीट (NEET) सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सीधे छात्रों से संवाद कर उनकी समस्याओं को समझा है और उन्हें संसद से लेकर सड़क तक उठाने का संकल्प लिया है।
इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं एएमयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष खालिद मसूद, डॉ. राहत अबरार, एएमयू टीचर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रो. तुफैल अहमद, पूर्व सचिव डॉ. उबैद सिद्दीकी, पूर्व विधायक विवेक बंसल सहित बड़ी संख्या में बुद्धिजीवी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. नज़र अब्बास ने किया।



