50 लाख से अधिक परियोजनाओं पर डीएम सख्त, गुणवत्ता व समयसीमा पर जोर

अलीगढ़, 5 मई-मोहम्मद कामरान
अलीगढ़ जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली निर्माण एवं विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य मानक, गुणवत्ता और तय समयसीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि पूर्णता प्रमाणपत्र और इन्वेंट्री के बिना विभाग कार्य हस्तगत नहीं करेंगे।
सड़क निर्माण की समीक्षा में अलीगढ़-रामघाट मार्ग के चौड़ीकरण में देरी पर नाराजगी जताते हुए तेजी लाने के निर्देश दिए गए। आबादी वाले क्षेत्रों में एबीसी केबल लगाने, लंबित परियोजनाएं अक्टूबर तक पूर्ण करने और समस्याओं के त्वरित समाधान पर भी जोर दिया गया।
क्रिटिकल केयर यूनिट का फिनिशिंग कार्य अंतिम चरण में है, जबकि गोरई बस स्टैंड जून अंत तक पूरा होगा। मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय अतरौली में पहले शैक्षणिक भवन पूरा करने के निर्देश दिए गए।
स्टॉर्म वाटर परियोजनाओं में गुणवत्ता सुनिश्चित करने और जलभराव रोकने के निर्देश दिए गए। आश्रम पद्धति विद्यालय का 92% कार्य पूर्ण है, जबकि बालूखेड़ा हाईस्कूल में बिजली कनेक्शन शीघ्र कराने को कहा गया। एटा चुंगी पुल की सर्विस रोड बरसात से पहले पूरी करने के निर्देश दिए गए।
नगर निगम सीमा विस्तार पेयजल योजना में शेष स्थलों का चिन्हांकन जल्द करने को कहा गया। बैठक में मल्टीलेवल पार्किंग, फूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट, थानों के भवन, पर्यटन, स्टेडियम व अन्य परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई।



