नमो केंद्र के अध्यक्ष ने पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकवादी हमले की निंदा की

टीएनएन समाचार : नरेंद्र मोदी अध्ययन केंद्र (नमो केन्द्र) के अध्यक्ष प्रो. जसीम मोहम्मद ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में निर्दोष पर्यटकों पर हुए बर्बर आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा की है और इसे “मानवता के खिलाफ कायरतापूर्ण और अक्षम्य कृत्य” बताया है।
अपने जारी एक बयान में, प्रो. जसीम मोहम्मद ने निर्दोष लोगों की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने इस जघन्य हमले में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी प्रार्थना की।
प्रो. जसीम मोहम्मद ने कहा, “निर्दोष नागरिकों, खासकर कश्मीर की शांति और प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने आए पर्यटकों को निशाना बनाना, सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने और क्षेत्र में शांति और विकास के मार्ग को पटरी से उतारने के उद्देश्य से किया गया एक घृणित आतंकवादी कृत्य है।” उन्होंने आगे कहा कि इस तरह के अमानवीय हमले राष्ट्र की भावना को तोड़ने में सफल नहीं होंगे और भारत के लोग आतंकवाद के खिलाफ एकजुट हैं। उन्होंने ज़ोर देकर कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने बार-बार दिखाया है कि वह अपनी एकता और सुरक्षा को बाधित करने के किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं करेगा। इस हमले के अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाकर सख़्त सज़ा देनी चाहिए।”



