मोहन भागवत की 75वीं वर्षगांठ पर दरगाह पर चादरपोशी, गरीबों में मिठाई वितरित

अलीगढ़, 11 सितंबर (मोहम्मद कामरान)

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर शुक्रवार को अलीगढ़ में दारा शिकोह फाउंडेशन के कार्यकर्ताओं ने हजरत बरची बहादुर की दरगाह पर चादरपोशी की। इस दौरान मोहन भागवत की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और राष्ट्रसेवा के लिए दुआ की गई। साथ ही गरीब और जरूरतमंद लोगों के बीच मिठाई भी वितरित की गई।

इस अवसर पर दारा शिकोह फाउंडेशन के अध्यक्ष आमिर रशीद ने कहा कि मोहन भागवत देश के मुसलमानों के विकास और उन्हें राष्ट्रीय मुख्यधारा से जोड़ने को लेकर गंभीर एवं सकारात्मक सोच रखते हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में अमेरिका में मोहन भागवत द्वारा दिए गए वक्तव्य के बाद यह बात और स्पष्ट हुई है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को मुसलमानों का विरोधी मानना गलत धारणा है।

आमिर रशीद ने कहा कि मोहन भागवत एक महान दार्शनिक, चिंतक और राष्ट्रदृष्टा हैं। उनके नेतृत्व में संघ ने समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संवाद और सामाजिक समरसता का संदेश पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। विशेष रूप से मुस्लिम समाज के बीच संघ के विचारों और राष्ट्रहित की भावना को पहुंचाने में उनका योगदान उल्लेखनीय है।

चमन रिजवी ने कहा कि मुस्लिम समाज को अब संघ को करीब से समझने और सरसंघचालक मोहन भागवत के विचारों को गंभीरता से देखने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि संवाद और आपसी विश्वास के माध्यम से समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार किया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान अजीमुद्दीन, फराज वली, रुकनुद्दीन, फरहान खान और इमरान सहित दारा शिकोह फाउंडेशन के अनेक कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने मोहन भागवत के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के लिए शुभकामनाएं देते हुए दुआ की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button