श्रीकांत वर्मा की 95वीं जयंती पर अशोक वाजपेयी को मिलेगा शिखर सम्मान

प्रख्यात लेखक, कवि और सांस्कृतिक चिंतक अशोक वाजपेयी को भारतीय साहित्य, कविता और सांस्कृतिक विमर्श में उनके दीर्घकालिक योगदान के लिए इस वर्ष का ‘श्रीकांत वर्मा शिखर सम्मान 2026’ प्रदान किया जाएगा। सम्मान समारोह 18 सितंबर को नई दिल्ली में मालवंकर हॉल, कांस्टीट्यूशन क्लब में आयोजित होगा।

सम्मान की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए श्रीकांत वर्मा ट्रस्ट की आयोजन समिति की बैठक रविवार को डॉ. अभिषेक वर्मा और श्रीमती आंका वर्मा के नई दिल्ली स्थित आवास पर हुई। बैठक में समारोह की रूपरेखा, अतिथि व्यवस्था, प्रोटोकॉल, साहित्यिक सत्र तथा सम्मान एवं प्रशस्ति-पत्र की प्रस्तुति सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

यह सम्मान समारोह विख्यात हिंदी कवि, लेखक, पत्रकार और सांसद स्व. श्रीकांत वर्मा की 95वीं जयंती के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। हिंदी साहित्य में श्रीकांत वर्मा की विरासत उनकी कविता और पत्रकारिता से आगे बढ़कर उनकी चर्चित कृति ‘मगध’ के माध्यम से भी विशेष रूप से रेखांकित होती है। उनकी रचनाओं ने आधुनिक हिंदी कविता और साहित्यिक चिंतन को एक विशिष्ट वैचारिक आयाम दिया।

‘श्रीकांत वर्मा शिखर सम्मान’ के तहत ₹21 लाख की सम्मान राशि और एक औपचारिक प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया जाएगा। प्रशस्ति-पत्र में सम्मानित साहित्यकार के प्रमुख साहित्यिक योगदान और रचनात्मक उपलब्धियों को रेखांकित किया जाएगा।

ट्रस्ट की आयोजन समिति सदस्यों ने बताया कि, समारोह का उद्देश्य श्रीकांत वर्मा की साहित्यिक स्मृति को जीवंत रखने के साथ-साथ समकालीन भारतीय साहित्य में उत्कृष्ट रचनात्मक और बौद्धिक योगदान को सम्मानित करना है। आयोजन के माध्यम से साहित्य, संस्कृति और सार्वजनिक जीवन में स्थायी योगदान देने वाले रचनाकारों एवं चिंतकों को प्रोत्साहित करने की ट्रस्ट की परंपरा को भी आगे बढ़ाया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button