AMU शिक्षिका डॉ. लक्ष्मी को अंतरराष्ट्रीय सम्मान, कला और शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान

अलीगढ़ 3, मई- मोहम्मद कमरान
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) की शिक्षिका और प्रख्यात सोशल आर्टिस्ट डॉ. लक्ष्मी को वियतनाम के मोवेनपिक रिज़ॉर्ट, वेवरली फु क्वोक में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय समारोह में “ग्लोबल इंटरनेशनल आइकॉनिक वुमन अचीवर अवॉर्ड” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को प्रदान किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि विनौली नगाड़े ने डॉ. लक्ष्मी को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया। डॉ. लक्ष्मी वर्ष 2013 से अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के एबीके बॉयज़ संस्थान में शिक्षण कार्य से जुड़ी हुई हैं और पिछले 13 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय योगदान दे रही हैं। इसके साथ ही वे लगभग 20 वर्षों से कला के माध्यम से समाज में जागरूकता और सकारात्मक संदेश फैलाने का कार्य कर रही हैं।
उनकी पेंटिंग केवल कलात्मक अभिव्यक्ति नहीं हैं, बल्कि सामाजिक मुद्दों और मानवीय भावनाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का माध्यम भी हैं। हाल ही में अहमदाबाद विमान दुर्घटना के बाद उन्होंने मात्र दो घंटे के भीतर उस पीड़ा को अपनी पेंटिंग में उकेरा।
इसी तरह ईरान–इज़राइल मुद्दे पर उनकी बनाई पेंटिंग ने शांति और मानवता का संदेश दिया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना की गई। उनकी कला को न्यूयॉर्क और शिकागो सहित कई अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रदर्शित किया जा चुका है।
एक शिक्षिका, कलाकार और माँ के रूप में वे अपने सभी दायित्वों को संतुलित रूप से निभा रही हैं। वे युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कार्यशालाओं, प्रेरक व्याख्यानों और कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से निरंतर मार्गदर्शन देती हैं।
यह अंतरराष्ट्रीय सम्मान उनके शिक्षा, कला और सामाजिक योगदान में उल्लेखनीय कार्यों की वैश्विक मान्यता है, जो अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय और भारत दोनों के लिए गर्व का विषय है।



