चार दशकों से विद्यार्थियों का भविष्य संवार रही एएएडीसी छात्रवृत्ति टीम का एएमयू में सम्मान

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में अमेरिका के वाशिंगटन डीसी स्थित अलीगढ़ एलुमनी एसोसिएशन (एएएडीसी) की छात्रवृत्ति टीम को जरूरतमंद एवं मेधावी विद्यार्थियों को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा अपनी मातृसंस्था के प्रति पूर्व छात्रों की सेवा और समर्पण की भावना को सशक्त बनाने में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. नइमा खातून ने एएएडीसी छात्रवृत्ति कार्यक्रम को ष्अपनी प्रिय मातृसंस्था के प्रति प्रेम और समर्पण की उत्कृष्ट मिसाल बताते हुए कहा कि इस संस्था ने वर्षों से इस महत्वपूर्ण छात्रवृत्ति कार्यक्रम को निरंतर आगे बढ़ायाहै। साथ ही उन्होंने एएमयू छात्रवृत्ति टीम की भी प्रशंसा की, जिसने चयन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और योग्यता आधारित बनाए रखा।

यह सम्मान समारोह एएमयू छात्रवृत्ति टीम की उन सेवाओं के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए आयोजित किया गया, जिसके सदस्य वर्षों से हजारों आवेदकों का साक्षात्कार लेकर सबसे पात्र विद्यार्थियों का चयन करते रहे हैं। वर्ष 2026 में ही 1,700 से अधिक विद्यार्थियों का साक्षात्कार लिया गया, जिनमें से 431 विद्यार्थियों को एएएडीसी छात्रवृत्ति के लिए चुना गया।

एएएडीसी छात्रवृत्ति समिति के अध्यक्ष अफजल उस्मानी ने कुलपति, एएमयू छात्रवृत्ति टीम, वित्त कार्यालय तथा पूर्व छात्र प्रकोष्ठ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन सभी के सहयोग से यह कार्यक्रम पारदर्शी और प्रभावी ढंग से संचालित हो रहाहै। उन्होंने सुझाव दिया कि एएमयू के प्रवेश विवरणिका में एएएडीसी छात्रवृत्ति योजना का विवरण भी शामिल किया जाए, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी इस अवसर की जानकारी प्राप्त कर सकें। उन्होंने संस्था के पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों की निस्वार्थ सेवाओं की भी सराहना की।

कार्यक्रम का स्वागत भाषण एएमयू पूर्व छात्र प्रकोष्ठ समिति के अध्यक्ष प्रो. सरताज तबस्सुम ने दिया। उन्होंने विश्वविद्यालय और विश्वभर में फैले पूर्व छात्रों के बीच मजबूत संबंधों की आवश्यकता पर बल दिया। एएमयू छात्रवृत्ति टीम के समन्वयक प्रो. इकराम खान ने चयन प्रक्रिया के अनुभव साझा किए, जबकि पूर्व अध्यक्ष प्रो. सुहैल साबिर और प्रो. सुफियान बेग ने छात्रवृत्ति योजना को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव दिए।

चार दशक से अधिक पहले स्थापित अलीगढ़ एलुमनी एसोसिएशन, वाशिंगटन डीसी भारतीय उपमहाद्वीप के बाहर एएमयू की सबसे पुरानी पूर्व छात्र संस्था है और यह विश्वविद्यालय की सबसे बड़ी पूर्व छात्र-वित्तपोषित छात्रवृत्ति योजना संचालित करतीहै। स्थापना के बाद से अब तक यह संस्था 5,500 से अधिक विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान कर चुकी है। स्थायी निधि पर आधारित इस योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों को दी जाने वाली छात्रवृत्ति की राशि समय-समय पर जीवनयापन की बढ़ती लागत के अनुसार संशोधित की जाती है।

समारोह में एएमयू छात्रवृत्ति टीम के सदस्य प्रो. इकराम खान, प्रो. उमर फारूक, प्रो. अतर अली मोइनुद्दीन, प्रो. सुहैल साबिर, डॉ. मोहम्मद जैन खान, डॉ. अब्दुल अजीज खान, डॉ. एस. जावेद अली, डॉ. शमामा उस्मानी, डॉ. सीमीं उस्मानी, डॉ. मोसैब अहमद, बच्चन अली खान, अशहद जमाल, मोहम्मद अरकम, शारिक उस्मानी, तौकीर खान तथा अकीब उस्मानी को छात्रवृत्ति कार्यक्रम के सफल संचालन में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इसके अलावा एएमयू के जनसंपर्क अधिकारी उमर पीरजादा तथा पूर्व छात्र प्रकोष्ठ के कर्मचारी मोहम्मद बिलाल अख्तर, शाहजैब खान और मोहम्मद अख्तर अली को भी इस पहल के समन्वय और सफल संचालन में उत्कृष्ट सहयोग के लिए सम्मानित किया गया।

समारोह में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक, सेवानिवृत्त शिक्षक, पूर्व छात्र प्रतिनिधि तथा अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button