साहित्यिक संवाद से पुनर्जीवित होगी अलीगढ़ की गौरवशाली बौद्धिक परंपरा – प्रोफ़ेसर जसीम मोहम्मद
अलीगढ़ लिटरेचर फेस्टिवल : साहित्य और संस्कृति के संगम से नई वैचारिक चेतना का आगाज़

अलीगढ़ की पहचान कभी भी सिर्फ़ बुनियादी ढांचे (इंफ्रास्ट्रक्चर) तक सीमित नहीं रही है; यह हमेशा से विचारों, चर्चाओं और बौद्धिक आंदोलनों का केंद्र रहा है। अलीगढ़ ने बरसों से सीखने-सिखाने के मुख्य वैचारिक केंद्र, साहित्य, शिक्षा और सामाजिक सोच के केंद्र के तौर पर अपनी एक अलग छवि और और अनोखी पहचान बनाए रखी है। इस शहर ने कैंपस डिस्कशन, अपनी क्लासरूम, लाइब्रेरी, सार्वजनिक बहसों और साहित्यिक बैठकों के ज़रिए आधुनिक भारतीय सोच को आकार देने में अहम भूमिका निभाई है। इसी ऐतिहासिक माहौल और वैचारिक सोच से ‘अलीगढ़ लिटरेचर फ़ेस्टिवल’ का उदय हुआ है – यह भाषा की शक्ति को पहचानने, उसको सम्मान देने और साहित्य के मयार और सौंदर्य के साथ सामाजिक संबंधों को फिर से मज़बूत करने का एक प्रयास है।
मानवीय संबंधों और आपसी रिश्तों की समझ को विकसित करने की दृष्टि से साहित्य सदैव ही एक मुख्य माध्यम रहा है। कहानियाँ, कविताएँ, साहित्य और संवाद समाजों को उनके इतिहास को समझने, वर्तमान पर सवाल उठाने और बेहतर भविष्य की कल्पना को साकार करने में सहायक होते हैं। संचार माध्यमों के विस्तार और तेज़ी होने के बावजूद सार्थक संवाद की कमी वाले इस दौर में, लिटरेचर फेस्टिवल लोगों को मिलने, सुनने, चर्चा करने और विचारों का आदान-प्रदान करने के लिए आवश्यक और व्यापक प्लेटफ़ॉर्म उपलब्ध करवाते हैं। अलीगढ़ लिटरेचर फेस्टिवल अलग-अलग विचारों, आवाज़ों, भाषाओं और अनुभवों के एक साथ आकर एकजुट होने का मंच है।
भारत के बौद्धिक एवं शैक्षिक इतिहास में अलीगढ़ का अहम स्थान है। इसने ऐसे विद्वानों, लेखकों, कवियों और विचारकों को जन्म दिया है, जिनके योगदान ने कई पीढ़ियों को प्रभावित किया है। शिक्षा, साहित्य और संस्कृति से शहर के जुड़ाव ने इसे ज्ञान और प्रगतिशील सोच का प्रतीक बना दिया है। अलीगढ़ में लिटरेचर फेस्टिवल का आयोजन सिर्फ़ एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि ज्ञान और सांस्कृतिक जुड़ाव की एक लंबी विरासत को आगे बढ़ाने का माध्यम है।
अलीगढ़ लिटरेचर फेस्टिवल भारत की असाधारण भाषाई और साहित्यिक विविधता का उत्सव मनाना चाहता है। भारत की ताकत कई परंपराओं को संजोने और उन्हें आपस में जोड़ने की क्षमता में निहित है। हर भाषा की अपनी सुनहली स्मृतियाँ होती हैं, भावनाएँ होती हैं और अपना सांस्कृतिक अनुभव होता है। इस फेस्टिवल का मुख्य उद्देश्य अलग-अलग भाषाई पृष्ठभूमिवाले लेखकों, कवियों और विद्वानों को एक साथ लाकर भारत के विविध साहित्यिक समुदायों के बीच आपसी सम्मान और समझ को बढ़ावा देना है
पुस्तकें हमेशा से मानवीय सभ्यता की सहचर रही हैं। वे इतिहास को ज़िंदा रखती हैं, आंदोलनों में जान डालती हैं और देखने का नया नज़रिया प्रस्तुत करती हैं। यह फेस्टिवल लेखकों और पाठकों के लिए साहित्य की सीमाओं से परे मिलने और भावनात्मक अभिव्यक्ति का माध्यम बनेगा। ऐसी मुलाकातों से लेखकों और समाज के बीच एक गहरा रिश्ता बनता है, क्योंकि साहित्य महज़ लिखित अभिव्यक्ति न रहकर एक जीवंत संवाद में बदल जाता है। अलीगढ़ लिटरेचर फेस्टिवल का एक मुख्य उद्देश्य युवाओं में पढ़ने, लिखने और रचनात्मकता की संस्कृति को बढ़ावा देना है। आज की युवा पीढ़ी बहुत तेज़ी से हो रहे टेक्नोलॉजी का प्रसार -प्रभाव और डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म के दौर में बड़ी हो रही है। बावजूद इसके टेक्नोलॉजी ने बहुत से नए मौके भी दिए हैं। इसने गहरी पढ़ाई और सोच-विचार की आदत को लगातार मज़बूत करने वाली प्रक्रिया भी बना दिया है। इस फेस्टिवल का मकसद छात्रों और युवाओं को साहित्य और नवीन टेक्नोलॉजी से जोड़ना है, ताकि वे इसे क्रिएटिविटी, आत्मविश्वास और ज्ञान के स्रोत के तौर पर देख सकें।
यह फेस्टिवल ज्ञान के अलग-अलग क्षेत्रों का संवाद- स्थल होगा, जिसमें कवि, उपन्यासकार, इतिहासकार, पत्रकार, अनुवादक, प्रकाशक और विद्वान् सहित विभिन्न क्षेत्रों के लोग सम्मिलित होंगे। साहित्य और समाज एक-दूसरे से अभिन्न हैं। साहित्य को समाज से अलग नहीं किया जा सकता, क्योंकि यह इंसानी संघर्षों, सफलताओं, भावनाओं और आत्मविश्वास का आईना होता है। फेस्टिवल में होनेवाली चर्चाओं से संस्कृति, इतिहास, समाज, शिक्षा और नैतिक मूल्यों से जुड़े मुद्दों को समझने का मौका मिलेगा।
भारत की सांस्कृतिक चेतना में कविता ने हमेशा अहम भूमिका निभाई है। क्लासिकल परंपराओं से लेकर आधुनिक अभिव्यक्ति तक, कविता हमेशा लोगों तक ऐसी भावनाएँ पहुँचाती रही है, जो पीढ़ियों तक लोगों को जोड़ सके। अलीगढ़ लिटरेचर फेस्टिवल मुशायरों, कवि सम्मेलनों, कविता आदि के विभिन्न सत्रों और साहित्यिक प्रस्तुतियों की परंपरा का उत्सव मनाएगा, जिनके माध्यम से मौखिक अभिव्यक्ति की साहित्यिक -सांस्कृतिक परंपरा को बचाया जा सके। अनूदित साहित्य पर भी विशेष ध्यान अपेक्षित होगा। अनुवाद दो भाषाओं के मध्य सेतु का कार्य करता है। जब कहानियाँ और विचार एक भाषा से दूसरी भाषा में जाते हैं, तो भारत की साहित्यिक संपदा का दायरा बढ़ता है। अनुवाद के ज़रिए लोग अपनी मातृभाषा से परे की दुनिया तक पहुँच पाते हैं। इससे अनुवाद और साहित्यिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा और राष्ट्रीय सांस्कृतिक समझ गहरी होगी।
इस फेस्टिवल का एक उद्देश्य स्थापित लेखकों और नई प्रतिभाओं के बीच सार्थक बातचीत और संवाद को बढ़ावा देना है। यह फेस्टिवल युवा लेखकों, छात्रों और क्रिएटिव लोगों को मौका देकर विचारकों और कहानीकारों की अगली पीढ़ी को प्रोत्साहित करेगा। फेस्टिवल के सांस्कृतिक कार्यक्रम साहित्य और परफॉर्मिंग आर्ट्स (मंच कलाओं) के बीच के जुड़ाव को समर्पित होंगे। संगीत, थिएटर और कहानी सुनाना हमेशा से साहित्यिक परंपराओं का हिस्सा रहे हैं। कला की ये अभिव्यक्तियाँ साहित्य को लोकतांत्रिक बनाती हैं और दर्शकों को संस्कृति का अनुभव करने के कई तरीक़े देती हैं।
अलीगढ़ लिटरेचर फेस्टिवल इस क्षेत्र के लिए सांस्कृतिक और बौद्धिक स्तर पर एक नई उपलब्धि प्राप्त करने की प्रतिबद्धता प्रकट करता है। एक सफल साहित्य उत्सव सिर्फ़ एक कार्यक्रम नहीं होता; यह एक ऐसा आंदोलन है, जो किसी जगह की साहित्यिक और सांस्कृतिक पहचान को मज़बूती प्रदान करता है।
अलीगढ़ लिटरेचर फेस्टिवल का एक अन्य प्रमुख उद्देश्य साहित्यिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए एक स्थायी मंच तैयार करना है। इसका लक्ष्य लेखकों, स्कूलों, सांस्कृतिक संगठनों और पाठकों के बीच साझेदारी बनाना है, ताकि साहित्य के प्रति निरंतर प्रेम बना रहे। अलीगढ़ लिटरेचर फेस्टिवल एक मज़बूत संदेश देता है: शब्दों की अहमियत होती है, विचारों से बदलाव आता है और साहित्य हमें एक साथ लाता है। इस फेस्टिवल में भारत की साहित्यिक संपदा और अलीगढ़ की लंबे समय से चली आ रही बौद्धिक विरासत का एक बड़ा उत्सव बनने की क्षमता है—यह अतीत का उत्सव मनाता है, वर्तमान से जुड़ता है और भविष्य को प्रेरित करता है।
दिसंबर 2026 में आयोजित होनेवाला अलीगढ़ लिटरेचर फेस्टिवल विचारों, स्मृतियों और भारत की साझा सांस्कृतिक भावनाओं को समर्पित होगा। यह फेस्टिवल बातचीत की नई पहल करने और अलीगढ़ के ज्ञान और साहित्य की समृद्ध विरासत को विकसित और विस्तृत करने का वादा करता है। हमें विश्वास है कि आगामी दिसंबर में लेखकों, कवियों, विद्वानों, छात्रों और संस्कृति-प्रेमियों के साथ मिलकर आयोजित होनेवाला यह आयोजन शहर की साहित्यिक यात्रा में एक नया अध्याय आरंभ करेगा, जिसमें इतिहास की समृद्धि और भविष्य की रचनात्मकता का मेल होगा।

(लेखक अलीगढ़ लिटरेचर फेस्टिवल के प्रबंध न्यासी हैं। ईमेल: profjasimmd@gmail.com)



