अलीगढ़ की प्रीति वार्ष्णेय का परिवार बना योग की मिसाल, एएमयू में किया गया सम्मानित

अलीगढ़। 21 जून, मोहम्मद कामरान
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एएमयू के फिजिकल एजुकेशन विभाग में आयोजित योग कार्यक्रम में प्रीति वार्ष्णेय और उनका परिवार सभी के लिए प्रेरणा का केंद्र बना। अलीगढ़ की प्रीति वार्ष्णेय पिछले कई वर्षों से विभाग में चल रहे अखंड योग कार्यक्रम से जुड़ी हुई हैं और अब योग के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक पहचान बन चुकी हैं।
प्रीति वार्ष्णेय अपने पति विनोद कुमार गुप्ता और दोनों बेटियों वाणी वार्ष्णेय एवं वैष्णवी वार्ष्णेय के साथ नियमित रूप से योग करने पहुंचती हैं। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भी पूरा परिवार एएमयू में आयोजित योग कार्यक्रम में शामिल हुआ, जहां उपस्थित लोगों ने उनके समर्पण और नियमितता की सराहना की।
प्रीति वार्ष्णेय ने बताया कि योग इंसान के जीवन में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि एएमयू में जिस प्रकार व्यवस्थित ढंग से योग सिखाया जा रहा है और वह निरंतर अखंड योग का हिस्सा बनी हुई हैं, यह उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा, “योग ने न केवल हमें बेहतर स्वास्थ्य दिया है, बल्कि हमारी मानसिक स्थिति को भी सकारात्मक बनाया है। यही कारण है कि मेरे पति और दोनों बेटियां भी नियमित रूप से योग करने आती हैं।”
उन्होंने कहा कि पूरा परिवार योग को न सिर्फ स्वास्थ्य का माध्यम मानता है, बल्कि इसे अपनी जीवनशैली का हिस्सा भी बना चुका है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर इस परिवार ने समाज के सामने एक मिसाल पेश की और लोगों को योग अपनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर कार्यक्रम के आयोजकों ने प्रीति वार्ष्णेय और उनके परिवार को योग के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और निरंतर सहभागिता के लिए प्रशस्ति पत्र (सर्टिफिकेट) देकर सम्मानित भी किया।



