युवाओं के हितों को लेकर आजाद समाज पार्टी का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
पारदर्शी परीक्षा प्रणाली, भर्ती सुधार और छात्र आंदोलनों की निष्पक्ष जांच की उठाई मांग
मोहम्मद कामरान | The News Nation | अलीगढ़
अलीगढ़, 25 जुलाई। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने युवाओं के हितों, शिक्षा एवं भर्ती व्यवस्था में सुधार तथा हालिया छात्र आंदोलनों के दौरान हुई घटनाओं की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में पार्टी ने मांग की कि NEET-UG, JEE Main सहित सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शी एवं सुरक्षित परीक्षा प्रणाली लागू की जाए। पेपर लीक मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कड़ी सजा का प्रावधान किया जाए। इसके साथ ही भर्ती परीक्षाओं का शुल्क समाप्त करने, समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने, वार्षिक भर्ती कैलेंडर जारी करने तथा पूरी भर्ती प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी बनाने की मांग भी उठाई गई।
पार्टी ने हालिया छात्र आंदोलनों के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा भविष्य में पुलिस एवं सुरक्षा बलों की वर्दी पर स्पष्ट नेम प्लेट अनिवार्य किए जाने की भी मांग की गई।
ज्ञापन में आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले छात्रों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने, छात्रों पर दर्ज सभी मुकदमे वापस लेने तथा देश की शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार लागू करने की मांग भी शामिल रही।
इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री एवं आजाद समाज पार्टी की कोर कमेटी के सदस्य चौधरी महेंद्र सिंह ने कहा कि आज देश का युवा शिक्षा व्यवस्था की खामियों, पेपर लीक, बेरोजगारी और भर्ती प्रक्रियाओं में लगातार हो रही अनियमितताओं से परेशान है। उन्होंने कहा कि सरकार यदि वास्तव में युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करना चाहती है तो परीक्षा और भर्ती व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष एवं भ्रष्टाचार मुक्त बनाना होगा।
चौधरी महेंद्र सिंह ने कहा कि छात्र आंदोलन के दौरान जिन युवाओं पर बल प्रयोग किया गया, उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए और जिन परिवारों ने अपने बच्चों को खोया है, उन्हें न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि आजाद समाज पार्टी युवाओं के अधिकारों की लड़ाई सड़क से सदन तक पूरी मजबूती के साथ लड़ती रहेगी और जब तक युवाओं की जायज मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
उन्होंने सरकार से युवाओं की आवाज सुनने, भर्ती प्रक्रिया में सुधार लाने और शिक्षा व्यवस्था में व्यापक बदलाव करने की मांग करते हुए कहा कि देश का भविष्य तभी सुरक्षित होगा, जब युवाओं को निष्पक्ष शिक्षा और समान अवसर प्राप्त होंगे।
इस मौके पर आजाद समाज पार्टी के संगठन के पदाधिकारी, बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं भीम आर्मी के सदस्य उपस्थित रहे।
✍️ रिपोर्ट: मोहम्मद कामरान | The News Nation | अलीगढ़




